Lucknow News: चिनहट हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा, दोस्त ही निकला हत्यारा, 3 गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के चिनहट इलाके में 24 मार्च को हुई रितेश उर्फ बाला की जघन्य हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। क्राइम/सर्विलांस टीम पूर्वी जोन और चिनहट थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार को वारदात में शामिल तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अभियुक्तों में मृतक का वह दोस्त भी शामिल है, जिसने उसे धोखे से घटनास्थल पर बुलाया था।

दोस्त ने दी ‘मौत की दावत’

पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, चिनहट के कल्याणी विहार निवासी दयाशंकर सिंह के पुत्र रितेश उर्फ बाला की हत्या पूरी प्लानिंग के साथ की गई थी। अभियुक्त प्रियांशु गुप्ता ने रितेश को योजनाबद्ध तरीके से फोन कर आवास संघ के खाली मैदान में बुलाया। वहां पहले से मौजूद अनस खान और आशु निषाद ने मिलकर रितेश की गला रेत कर निर्मम हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।

एसटीएफ और चिनहट पुलिस की घेराबंदी

प्रभारी निरीक्षक दिनेश चन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीम ने साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी की। गुरुवार को किसान पथ सर्विस रोड (ईमलियाबाधम मंदिर मार्ग) के पास से तीनों अभियुक्तों को दबोच लिया गया।

अनस खान (19 वर्ष): निवासी कल्याणी विहार, चिनहट।

आशु निषाद (19 वर्ष): निवासी कल्याणी विहार, चिनहट।

प्रियांशु गुप्ता (21 वर्ष): निवासी कल्याणी विहार, चिनहट।

रक्तरंजित साक्ष्य और आलाकत्ल बरामद

पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर झाड़ियों से हत्या में प्रयुक्त खून से सना चाकू (आलाकत्ल) बरामद किया है। इसके अलावा, अभियुक्त अनस की रक्तरंजित चप्पल और अभियुक्त आशु के पास से मृतक रितेश का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।

पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ दर्ज मु0अ0सं0-157/26 में धारा 103(1) के साथ धारा 3(5) बीएनएस (BNS) की बढ़ोतरी कर उन्हें जेल भेजने की विधिक कार्यवाही पूरी कर ली है।

Also Read: सपा मुख्यालय में गूंजा सम्राट अशोक का जयघोष, अखिलेश बोले- 2027 में रिवरफ्रंट पर विराजेगी सम्राट अशोक की सुनहरी प्रतिमा’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.