Lucknow News: SGPGI में गूंजा ‘नारी शक्ति’ का सम्मान, सफाईकर्मियों से लेकर डॉक्टरों तक का हुआ अभिनंदन
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के प्रतिष्ठित SGPGI संस्थान में आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का उत्सव बेहद खास अंदाज में मनाया गया। संस्थान के एच.जी. खुराना सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में न केवल महिला डॉक्टरों की उपलब्धियों को सराहा गया, बल्कि उन महिला सफाईकर्मियों और परिचारिकाओं (Attendants) को भी सम्मानित किया गया, जो अस्पताल की व्यवस्था को सुचारू रखने में दिन-रात मेहनत करती हैं।
ज्ञान बांटने से ही बढ़ेगा महिलाओं का गौरव
नोडल अधिकारी डॉ. प्रेरणा कपूर के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम की थीम “Give to Gain” रही। वरिष्ठ चिकित्सकों डॉ. अंजू रानी, डॉ. पियाली भट्टाचार्य, डॉ. निधि, डॉ. इंदु लता और डॉ. रचना अग्रवाल ने अपने अनुभवों के जरिए बताया कि कैसे सही स्वास्थ्य सेवाओं और समान अवसरों के माध्यम से हम महिलाओं को वास्तव में सशक्त बना सकते हैं।
सम्मान, कविताएं और दिलचस्प प्रश्नोत्तरी
कार्यक्रम में केवल भाषण ही नहीं, बल्कि मनोरंजन और ज्ञान का भी तड़का लगा। जूनियर रेजिडेंट्स ने विज्ञान और चिकित्सा के क्षेत्र में महिलाओं की उपलब्धियों पर एक रोचक क्विज़ कराया। सीनियर नर्सिंग अधिकारियों ने कविताओं के जरिए अपनी उस संघर्षपूर्ण यात्रा को साझा किया, जिसमें वे अस्पताल की जिम्मेदारी और घर के काम के बीच संतुलन बनाती हैं। समारोह का सबसे दिल छू लेने वाला पल वह था जब संस्थान की महिला सफाईकर्मियों को उनके समर्पण के लिए मंच पर सम्मानित किया गया।
रेडियोलॉजी विभाग की अनूठी पहल
इसी कड़ी में रेडियोडायग्नोसिस विभाग की प्रो. अर्चना गुप्ता ने बताया कि समानता केवल उत्सव मनाने से नहीं, बल्कि अधिकारों के लिए खड़े होने से आएगी। उन्होंने उन्नत रेडियोलॉजिकल सुविधाओं और बीमारियों के जल्द निदान (Diagnosis) के जरिए महिलाओं के जीवन को बेहतर बनाने पर जोर दिया।
सामूहिक शपथ के साथ समापन
कार्यक्रम के अंत में प्रो. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में सभी डॉक्टरों, नर्सों और कर्मचारियों ने एक सामूहिक प्रतिज्ञा ली। उन्होंने संकल्प लिया कि वे समाज में महिला नेतृत्व का समर्थन करेंगे और हर प्रकार के भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाएंगे।

