Lucknow News: नगर निगम बैठक में भाजपा पार्षदों की तीखी नोकझोंक, सदन का माहौल गरमाया
Lucknow News: नगर निगम सदन की गुरुवार को हुई बैठक शुरू होते ही हंगामा मच गया। बैठक की शुरुआत में ही भाजपा पार्षदों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। इसी दौरान हाल ही में बीजेपी से इस्तीफा देने वाले पार्षद मोंटी सिंह विपक्ष की ओर बैठ गए और कांग्रेस पार्षद मुकेश सिंह चौहान के साथ मिलकर बीजेपी पर जमकर हमला बोला। उनके इस कदम से सदन का माहौल गरमा गया और हंगामा बढ़ता चला गया।

मेयर सुषमा खर्कवाल ने पार्षदों को शांत कराने की कोशिश की और बसपा व सपा से आए उन पार्षदों के नाम भी गिनाए जो बाद में बीजेपी में शामिल हुए थे। बावजूद इसके पार्षद अपनी मांगों पर अड़े रहे। उनका कहना था कि जब तक पिछली कार्यवाही की पुष्टि नहीं हो जाती, तब तक सदन की बैठक आगे नहीं बढ़ेगी। नतीजतन बैठक कुछ देर के लिए स्थगित करनी पड़ी। बाद में कार्रवाई दोबारा शुरू की गई।

भाजपा पार्षद धरने पर बैठे
सदन की कार्रवाई के दौरान भाजपा पार्षद राम नरेश रावत अपने वार्ड में खराब सफाई व्यवस्था को लेकर धरने पर बैठ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके इलाके में जगह-जगह गंदगी फैली हुई है और अधिकारी सिर्फ मुख्य सड़कों का निरीक्षण करते हैं, जबकि गलियों और मोहल्लों में सफाई नहीं हो रही है। रावत ने नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों पर लापरवाही और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।
सभी दलों का एक सुर: सफाई व्यवस्था दुरुस्त करो
बैठक में सफाई व्यवस्था को लेकर सभी पार्टियों ने एक सुर में नाराजगी जताई। बीजेपी, कांग्रेस, बसपा और सपा के पार्षदों ने एकजुट होकर आरोप लगाया कि कार्यदायी संस्थाएं, जिनमें एलएसए भी शामिल है, कामकाज सही ढंग से नहीं कर रही हैं। पार्षदों की मांग रही कि इन संस्थाओं को ब्लैकलिस्ट किया जाए।
उनका कहना था कि जब तक ऐसी लापरवाह एजेंसियों को हटाया नहीं जाएगा, तब तक शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार संभव नहीं है। इस तरह नगर निगम की बैठक विकास कार्यों की बजाय हंगामे और आरोप-प्रत्यारोप में उलझकर रह गई।

