Lucknow News: सौतेले पिता ने की 2 साल के मासूम की बेरहमी से हत्या, 24 घंटे में गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में इंसानियत को झकझोर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गोमतीनगर थाना क्षेत्र में एक सौतेले पिता ने महज दो साल के मासूम आदित्य की पीट-पीट कर हत्या कर दी। बच्चा अपनी मां के साथ रहता था, जो आरोपी की दूसरी पत्नी है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
क्या है पूरा मामला
मृतक आदित्य की मां, नंदिनी देवी, जो कि गोमतीनगर की रहने वाली हैं, ने 28 जुलाई 2025 को पुलिस को सूचना दी कि उनके बेटे की उसके सौतेले पिता ने हत्या कर दी है। पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज करते हुए धारा 103(1) बीएनएस के तहत केस पंजीकृत किया और जांच शुरू की।
थाना प्रभारी बृजेश चंद्र तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर आरोपी जगन्नाथ सैनी को बड़ी जुगौली तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
हत्या के पीछे की वजह क्या थी?
पुलिस पूछताछ में आरोपी जगन्नाथ सैनी ने बताया कि उसकी दो शादियां हो चुकी हैं। पहली पत्नी राधा देवी से उसके तीन बच्चे हैं, जिनमें से दो उसके साथ रहते हैं। दूसरी पत्नी नंदिनी, पहले से विवाहित थी और उसका बेटा आदित्य (मृतक) भी उसके साथ ही रहता था।
जगन्नाथ आदित्य को अपनाना नहीं चाहता था और अक्सर उसे लेकर पत्नी नंदिनी से झगड़ता रहता था। वह चाहता था कि नंदिनी अपने बेटे को पहले पति के पास छोड़ आए, लेकिन नंदिनी तैयार नहीं हुई।
27 जुलाई को जब नंदिनी काम पर गई हुई थी, तभी आरोपी ने मौके का फायदा उठाया और गुस्से में आकर आदित्य के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अभियुक्त पर दर्ज आपराधिक मामला
- केस नंबर: मु.अ.सं. 0328/2025
- धारा: 103(1), भारतीय न्याय संहिता
- थाना: गोमतीनगर, कमिश्नरेट लखनऊ
पुलिस द्वारा आरोपी के आपराधिक इतिहास की और जांच की जा रही है।
Also Read: Lucknow News: NIA स्पेशल कोर्ट में पेश हुआ छांगुर बाबा, ED को मिली 5 दिन की रिमांड

