Lucknow News: STF ने ATM फ्रॉड करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया, लखनऊ से 3 गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक बड़े एटीएम धोखाधड़ी रैकेट का पर्दाफाश किया है। एसटीएफ ने इस गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। इनके पास से 39 एटीएम कार्ड, 3 मोबाइल फोन और ₹6,510 नकद बरामद किए गए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है जो उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली और मुंबई जैसे राज्यों में धोखाधड़ी करता था। ये लोग कई तरीकों से लोगों को ठगते थे। आरोपी एटीएम मशीन के कैश ट्रे में एक पत्ती लगा देते थे, जिससे पैसे ट्रे में ही अटक जाते थे। जब कोई व्यक्ति पैसे नहीं निकलने पर चला जाता था, तो ये चोर बाद में आकर पैसे निकाल लेते थे।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी एटीएम बूथ में मदद करने के बहाने लोगों का ध्यान भटकाकर उनके एटीएम कार्ड बदल देते थे और बाद में उनके खाते से पैसे निकाल लेते थे। कभी-कभी ये एटीएम डालने वाली जगह पर फेवीक्विक लगाकर कार्ड चिपका देते थे और पासवर्ड देखते रहते थे। जब व्यक्ति परेशान होकर चला जाता था, तो ये प्लास से कार्ड निकालकर पैसे निकाल लेते थे।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

  • परवेज खान (प्रतापगढ़ निवासी, सरगना)
  • साहिल (प्रतापगढ़ निवासी)
  • मुक्तदीर (प्रयागराज निवासी)

एसटीएफ की टीम ने इन आरोपियों को आईआईएम रोड पर लोखड़िया मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि परवेज और मुक्तदीर का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है, जिन पर कई थानों में पहले से ही धोखाधड़ी, लूट और गैंगेस्टर एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इस गिरोह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: Lucknow News: महापौर सुषमा खर्कवाल ने किया सीएम ग्रिड्स फेज-2 का शिलान्यास

Get real time updates directly on you device, subscribe now.