Lucknow News: रामस्वरूप यूनिवर्सिटी में छात्रों का हंगामा, प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी

Lucknow News: राजधानी लखनऊ की श्री रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्रों ने यूनिवर्सिटी के गेट पर चढ़कर अपनी नाराजगी जाहिर की और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और कॉलेज प्रबंधन के बीच तीखी बहस भी हुई।

क्या है छात्रों के प्रदर्शन की वजह?

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन लगातार मनमानी कर रहा है और छात्रों की आवाज को दबाने की कोशिश कर रहा है। छात्रों का कहना है कि यूनिवर्सिटी में कई तरह की अवैध शुल्क वसूली की जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब वे अपनी मांगों को लेकर विरोध करते हैं, तो उन्हें कॉलेज से निष्कासित करने की धमकी दी जाती है।

छात्रों ने दावा किया कि विश्वविद्यालय की संबद्धता (BCI) न होने के बावजूद 2022 से छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उनका कहना है कि आए दिन किसी न किसी बहाने से अतिरिक्त फीस की मांग की जाती है, और जो छात्र फीस नहीं जमा करते उन पर ₹5000 का जुर्माना लगा दिया जाता है।

छात्रों की मांगें और पुलिस की दखल

प्रदर्शनकारी छात्रों ने मांग की है कि विश्वविद्यालय प्रशासन अपनी नीतियों में पारदर्शिता लाए, छात्रों पर हो रही मनमानी और दबाव को बंद करे, और उनके शैक्षिक हितों की रक्षा सुनिश्चित करे। छात्रों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

हालात बिगड़ते देख विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रों को समझाने की कोशिश की, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे। फिलहाल, इस पूरे मामले पर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Also Read: Kanpur News: कानपुर में जाम ने ली एक और जान! घायल को ले जा रही पुलिस की गाड़ी फंसी, इलाज में देरी से मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.