Lucknow News: छात्रसंघ बहाली को लेकर लखनऊ विश्वविद्यालय में गूंजा छात्रों का विरोध, दिया ज्ञापन
Lucknow News: लखनऊ विश्वविद्यालय में छात्रसंघ बहाली को लेकर सोमवार को छात्रों ने जोरदार मांग उठाई। राजनीति शास्त्र विभाग के शोधार्थी और समाजवादी छात्रसभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र कुमार यादव के नेतृत्व में छात्रों ने कुलपति को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र एकजुट होकर प्रशासन से अपने लोकतांत्रिक अधिकार लौटाने की अपील करते नजर आए।
छात्रों की समस्याएं रह जाती हैं अनसुनी
छात्रों ने कहा कि देश के अन्य विश्वविद्यालयों की तरह लखनऊ विश्वविद्यालय में भी छात्रसंघ होना चाहिए ताकि छात्रों की समस्याओं को सही मंच मिल सके। महेंद्र कुमार यादव ने कहा कि भारत लोकतांत्रिक देश है और हर नागरिक को प्रतिनिधि चुनने का अधिकार है। विश्वविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव इसी व्यवस्था का हिस्सा हैं, लेकिन दुर्भाग्य से पिछले 20 वर्षों से लखनऊ विश्वविद्यालय में चुनाव नहीं हुए हैं।
छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्रसंघ न होने से फीस वृद्धि, छात्रावासों की समस्याएं और प्रशासनिक अनियमितताएं अनसुनी रह जाती हैं। प्रतिनिधित्व न होने के कारण प्रशासन की कोई सीधी जवाबदेही भी तय नहीं हो पाती।

लोकतांत्रिक अधिकार वापस मिलना चाहिए
महेंद्र कुमार यादव ने याद दिलाया कि वर्ष 2012 में समाजवादी सरकार के दौरान छात्रसंघ चुनाव बहाल हुए थे, लेकिन उच्च न्यायालय के स्थगन आदेश के बाद इन्हें फिर रोक दिया गया। अब वह आदेश समाप्त हो चुका है और कोई कानूनी बाधा भी नहीं है, इसलिए छात्रों को उनका लोकतांत्रिक अधिकार तुरंत वापस मिलना चाहिए।
ज्ञापन देने वालों में हरीश रावत, रुस्तम सिंह, शिवा जी यादव, मोहित पाल, अभय, प्रभात राज, उज्जवल, अभिषेक, आदर्श, आदित्य, रघुवंश और अनुपम सहित कई छात्र शामिल रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि छात्रसंघ बहाल कर छात्रों को उनकी आवाज और अधिकार दिया जाए।
Also Read: Lucknow News: मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल ने फिर संभाला पदभार, बीमार होने के कारण थे छुट्टी पर

