Lucknow News: मन लगाकर पढ़ाई करें, कौशल सीखें – बालिकाओं से राज्यपाल का संवाद

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित राजकीय बाल गृह (बालिका) सिंधीखेड़ा, पारा, लखनऊ का भ्रमण और निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बालिकाओं से आत्मीय संवाद किया और उनकी पढ़ाई, दिनचर्या, भविष्य की आकांक्षाओं और सपनों के बारे में विस्तार से चर्चा की।

बच्चियों को जीवनोपयोगी कौशल सिखाकर आत्मनिर्भर बनाया जाए

राज्यपाल ने बच्चियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे पढ़ाई के साथ-साथ रसोई, सिलाई, योग और अन्य उपयोगी कौशल सीखें। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी बालिकाओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जाए और विशेष रूप से हीमोग्लोबिन जांच अनिवार्य की जाए।

निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने संस्थान की साफ-सफाई, किचन, टॉयलेट, पढ़ाई का टाइम-टेबल, सिलाई केंद्र, काउंसलिंग और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बच्चियों को जीवनोपयोगी कौशल सिखाकर आत्मनिर्भर बनाया जाए ताकि वे आगे चलकर गरिमापूर्ण जीवन जी सकें।

आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए

राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश के सभी विश्वविद्यालय ऐसे बालिका गृहों को गोद लें और इनके विकास में सहयोग करें। इस अवसर पर उन्होंने बालिकाओं द्वारा बनाई गई वस्तुओं को देखा और सराहा। साथ ही बालिका गृह में खुले ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन भी किया और बच्चियों को मेहंदी कला व अन्य रोजगारपरक गतिविधियों में दक्ष बनने के लिए प्रोत्साहित किया।

राज्यपाल ने लाइब्रेरी और कंप्यूटर लैब का भी निरीक्षण किया और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी कहा कि बालिकाओं को पौष्टिक भोजन और ऑनलाइन शिक्षा से जोड़ा जाए।

निरीक्षण के दौरान महिला कल्याण विभाग व जिला प्रशासन के अधिकारी, संस्थान के कर्मचारी और अन्य लोग मौजूद रहे।

Also Read: चुनावों में बैलेट पेपर की मांग वाली याचिका खारिज, दिल्ली हाईकोर्ट ने ईवीएम पर जताया भरोसा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.