Lucknow News: फिर डायमंड डेरी कॉलोनी पहुंचे सुरेश खन्ना, बोले- कब्जा हटा, अब यहां बनेगा ओपन जिम
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री और लखनऊ के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाए हुए हैं। शुक्रवार को औचक निरीक्षण के दौरान मिली गंदगी और लापरवाही पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाने के बाद, मंत्री शनिवार को दोबारा डायमंड डेरी कॉलोनी जा पहुंचे। वह यह देखना चाहते थे कि उनके द्वारा दिए गए निर्देशों पर जमीन पर कितना काम हुआ है।

ग्राउंड जीरो पर दिखी तब्दीली
मंत्री सुरेश खन्ना जब दोबारा कॉलोनी पहुंचे, तो वहां की तस्वीर बदली हुई नजर आई। शुक्रवार सुबह 7 बजे के निरीक्षण में उन्होंने जिस बदहाली पर नाराजगी जताई थी, वहां सफाई का काम युद्धस्तर पर जारी मिला। नगर निगम की टीम ने न केवल इलाके को साफ किया, बल्कि सार्वजनिक जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को भी हटा दिया था।
खाली जमीन पर बनेगी ‘ओपन जिम’
अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन का सदुपयोग करने के लिए मंत्री ने मौके पर ही बड़ा फैसला लिया। उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि मुक्त कराई गई जगह पर तुरंत ओपन जिम (Open Gym) का निर्माण कराया जाए। जिम के चारों तरफ जाली लगाकर उचित बैरिकेडिंग की जाए ताकि भविष्य में दोबारा कब्जा न हो। स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य और फिटनेस के लिए एक बेहतर सार्वजनिक स्थान मिल सके।

अधिकारियों को अल्टीमेटम
सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग करते हुए मंत्री ने स्पष्ट लहजे में कहा कि स्वच्छता के कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि वे ऑफिस में बैठने के बजाय लगातार फील्ड में स्थलीय निरीक्षण करें। उन्होंने कहा, “20 दिन बाद मैं फिर से यहाँ आऊंगा। अधिकारी खुद रुचि लेकर कार्य करें, क्योंकि मॉनिटरिंग से ही परिणाम बेहतर होते हैं।”
नगर आयुक्त सहित कई अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार, क्षेत्रीय पार्षद एवं स्वच्छता प्रोत्साहन समिति के संयोजक सुनील मिश्रा सहित नगर निगम के तमाम अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। प्रभारी मंत्री के इस ‘बैक-टू-बैक’ निरीक्षण से नगर निगम प्रशासन में हड़कंप की स्थिति है।
Also Read: राकेश कुमार सिंह बने ‘सोशल मीडिया एसोसिएशन ऑफ इंडिया’ के संयोजक, नई दिल्ली में हुई घोषणा

