Lucknow News: नगर निगम में 16 हजार नई स्ट्रीट लाइट के लिए टेंडर 29 सितंबर को खुलेगा, शहर में रोशनी की उम्मीद

Lucknow News: नगर निगम में स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए नया टेंडर 29 सितंबर को खुलने जा रहा है। नगर निगम की यह पहल 88 नए गांवों और शहर क्षेत्र में कुल 16,000 स्ट्रीट लाइटें लगाने के लिए है। साथ ही शहर की खराब लाइटों को भी बदला जाएगा। इस टेंडर के लिए 10 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।

नगर निगम ने पहले किया टेंडर रद्द

इससे पहले नगर निगम का टेंडर शिकायतों के चलते रद्द कर दिया गया था। आरोप था कि टेंडर की शर्तों को कुछ चुनिंदा ठेकेदारों के पक्ष में बनाया गया था। मार्ग प्रकाश विभाग ने पहले टेंडर में केवल 6 कंपनियों को शामिल किया था, जबकि PWD से प्रमाणित कुल 18 कंपनियां उपलब्ध थीं। आरोपों के बाद विभाग जांच के दायरे में आया और टेंडर रद्द कर दिया गया। विभाग के चीफ इंजीनियर मनोज प्रभात ने आरोपों का खंडन किया।

नगर निगम के अनुसार वर्तमान में शहर में 1100 से अधिक स्ट्रीट लाइट की शिकायतें लंबित हैं, जिनमें से 200 शिकायतें IGRS पोर्टल पर दर्ज हैं। सबसे ज्यादा खराब लाइटें पेपर मिल वार्ड, फैजुल्लागंज और जोन आठ के अन्य क्षेत्रों में हैं।

88 नए गांवों में रोशनी की उम्मीद

नगर निगम की सीमा में 2020 में शामिल हुए 88 गांवों में स्ट्रीट लाइट की भारी कमी थी। नए टेंडर से इन गांवों और शहर के अन्य क्षेत्रों में रोशनी की समस्या दूर होने की उम्मीद है। नगर निगम ने संशोधित टेंडर में सभी प्रमाणित कंपनियों को भाग लेने का मौका दिया है।

इस टेंडर के खुलने से लखनऊ और उसके आसपास के क्षेत्रों में रोशनी की स्थिति में सुधार की उम्मीद जताई जा रही।

Also Read: Lucknow News: मंत्री ओम प्रकाश राजभर की तबीयत बिगड़ी, इलाज के लिए मेदांता में भर्ती

Get real time updates directly on you device, subscribe now.