Lucknow News : मवैया क्रॉसिंग पर गांजा गैंग का आतंक, लोगों में आक्रोश
Sandesh Wahak Digital Desk: आलमबाग थाना क्षेत्र के मवैया क्रॉसिंग में इन दिनों गांजा सप्लायर गैंग का आतंक चरम पर है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, क्षेत्र में कुछ महिलाएं लंबे समय से खुलेआम गांजा बेचती आ रही हैं, लेकिन पुलिस की कार्रवाई सिर्फ दिखावे तक ही सीमित रही है।
सूत्रों के अनुसार, हर बार पुलिस दबिश के बाद यह गिरोह और अधिक सक्रिय हो जाता है। खास बात यह है कि यह गिरोह तीन थाना क्षेत्रों आलमबाग, चारबाग और कृष्णा नगर की सीमाओं में फैला हुआ है, जिससे कार्रवाई को लेकर अक्सर पुलिस भ्रम की स्थिति में रहती है।
हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि संदेश वाहक नहीं करता है, जिसमें देखा गया कि किस तरह सार्वजनिक स्थल पर निडरता से गांजा बेचा जा रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष है। वे सवाल उठा रहे हैं कि आखिर पुलिस इतनी जानकारी होने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है।
स्थानीयों की मांग सख्त कार्रवाई हो
मवैया के रहवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस नेटवर्क के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं और क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने की दिशा में तुरंत प्रभाव से कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
“हमारे बच्चों का भविष्य बर्बाद हो रहा है, और पुलिस बस सीमा विवाद में उलझी है। अब हम चुप नहीं बैठेंगे,” – एक स्थानीय निवासी।
प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
अब देखना यह है कि वायरल वीडियो और स्थानीय जनता के आक्रोश के बाद प्रशासन कब तक इस नेटवर्क पर शिकंजा कसता है या फिर एक बार फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।
Also Read : नीतीश कुमार का दांव, बिहार में बंपर शिक्षक भर्ती की तैयारी, महिलाओं को…

