Lucknow News: ऑनलाइन लूडो से लाखों जीतने का लालच बना जाल, खाते से उड़ गए हजारों रुपये
Lucknow News: ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर हो रही ठगी लोगों को आर्थिक ही नहीं, मानसिक रूप से भी परेशान कर रही है। जानकीपुरम निवासी सरकारी विभाग में कार्यरत दिनेश कुमार के 14 वर्षीय बेटे को ऑनलाइन लूडो खेलने के दौरान लाखों रुपये जीतने का लालच दिया गया।
बेटे ने मां के मोबाइल पर आए लिंक पर क्लिक किया और कुछ ही सेकंड में खाते से 9 हजार रुपये गायब हो गए। शिकायत पर साइबर सेल ने मशक्कत कर पैसा तो वापस करवा दिया, लेकिन ठगों पर कार्रवाई नहीं हो सकी।
दिनेश कुमार का कहना है कि बच्चों को मोबाइल गेम खेलने से रोकना ही सबसे अच्छा विकल्प है, ताकि वे ऐसे झांसे में न फंसें।
लिंक पर क्लिक करते ही बैंक अकाउंट से पैसा कट सकता है
इसी तरह, सीतापुर रोड निवासी मेडिकल स्टोर संचालक श्याम किशोर वर्मा ने भी ऑनलाइन लूडो खेलते समय लिंक पर क्लिक करने का मैसेज पाया, लेकिन बेटे की सतर्कता से ठगी से बच गए। उन्होंने बताया कि बेटा समझ गया कि ऐसे लिंक पर क्लिक करते ही बैंक अकाउंट से पैसा कट सकता है।
‘गेमिंग डिसऑर्डर’ के शिकार हो सकते
मोबाइल गेमिंग की लत के गंभीर नतीजे भी सामने आए हैं। मोहनलालगंज के एक परिवार को इसका खामियाजा हमेशा के लिए भुगतना पड़ा। विशेषज्ञों का कहना है कि चार घंटे से अधिक समय तक मोबाइल पर गेम खेलने वाले बच्चे ‘गेमिंग डिसऑर्डर’ के शिकार हो सकते हैं।
केजीएमयू के मनोरोग विभाग की ओपीडी में रोजाना ऐसे चार से पांच बच्चे इलाज के लिए आते हैं। डॉक्टरों का कहना है कि मोबाइल की लत से दिमाग में केमिकल असंतुलन बढ़ रहा है, जिससे बच्चों का भावनात्मक नियंत्रण खत्म हो रहा है।
Also Read: यौन शोषण के आरोप लगते ही स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती फरार, आश्रम ने तोड़े संबंध

