Lucknow News: डॉक्टर के घर पर चोरों ने किया हाथ साफ, 18 लाख नकद-जेवर और कार लेकर फरार

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में चोरों के हौसले अब इतने बुलंद हो गए हैं कि शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले रिहायशी इलाकों में भी वे निडर होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला पीजीआई थाना क्षेत्र की एल्डिको कॉलोनी का है, जहां डॉ. जयशंकर शुक्ला के घर में चोरों ने दिनदहाड़े बड़ी चोरी को अंजाम दिया।

घर खाली देख चोरों ने तोड़ा मेन गेट

डॉ. शुक्ला अपनी पत्नी पूर्णिमा के साथ 20 जून को यूरोप यात्रा पर गए थे। उनके गैरहाजिरी में पूरा घर खाली था और चोरों ने इसी मौके का फायदा उठाया। मुख्य दरवाजा तोड़कर वे घर में घुसे और करीब ढाई घंटे तक अंदर इत्मीनान से रहे।

घर में खाया-पीया, फिर सामान समेटा

सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया है कि चोर घर में आराम से घूमते रहे, कोल्ड ड्रिंक पिया, चिप्स खाए, फिर घर की अलमारियों को खंगालना शुरू कर दिया। उन्होंने करीब 18 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के गहने, 6 मोबाइल फोन, लैपटॉप, टैबलेट, कैमरा और एलसीडी टीवी चुरा लिया।

डॉक्टर की ही कार में भरकर ले गए चोरी का सामान

हद तो तब हो गई जब चोरों ने सारा चोरी का माल डॉक्टर की ही कार में भरकर फरार हो गए। जब डॉक्टर शुक्ला वापस लौटे, तो पड़ोसियों ने उन्हें फोन पर जानकारी दी कि उनके घर के ताले टूटे पड़े हैं। घर पहुंचकर उन्होंने देखा कि अलमारियां खुली हुई थीं, सामान बिखरा पड़ा था, और एक लोहे की रॉड टेबल पर रखी मिली, जो संभवतः चोर छोड़ गए।

सवालों के घेरे में मेड

डॉ. शुक्ला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि घर की देखरेख के लिए एक मेड रखी गई थी, लेकिन वह पूरे समय एक बार भी नहीं आई। इससे उसकी भूमिका पर भी संदेह जताया जा रहा है।

पीजीआई थाना प्रभारी धीरेन्द्र सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और चोरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि मेड की भूमिका की भी जांच हो रही है और जल्द ही इस मामले में गिरफ्तारी की जाएगी।

Also Read: Lucknow News: FIR के खिलाफ पार्षदों का प्रदर्शन, नगर आयुक्त पर लगाए गंभीर आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.