Lucknow News: आज से शुरू हो रहा तीन दिवसीय रोजगार महाकुंभ, 50 हजार युवाओं को मिलेगा नौकरी का मौका
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मंगलवार से तीन दिवसीय रोजगार महाकुंभ का आयोजन होने जा रहा है। इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य करीब 50 हजार युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
8वीं पास से लेकर इंजीनियरिंग डिप्लोमा धारकों तक के लिए अवसर
रोजगार महाकुंभ में आठवीं पास से लेकर परास्नातक और डिप्लोमा इंजीनियरिंग तक की शैक्षिक योग्यता रखने वाले युवाओं के लिए नौकरियों की पेशकश की जाएगी।
सेवायोजन विभाग की निदेशक नेहा प्रकाश के अनुसार, देश-विदेश की 100 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधि इस आयोजन में भाग लेंगे। कार्यक्रम में तीन अलग-अलग मंचों के ज़रिए प्रतिभागी युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार प्रदेश, देश और विदेशों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
रोजगार महाकुंभ के दौरान कंपनियों द्वारा ऑन-स्पॉट इंटरव्यू और प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा एक प्रदर्शनी के माध्यम से युवाओं को उत्तर प्रदेश की औद्योगिक प्रगति, नई औद्योगिक नीतियों और कौशल विकास के मॉडल की जानकारी भी दी जाएगी।
स्टार्टअप और टेक्नोलॉजी सेक्टर में भी खुलेंगे दरवाज़े
इस आयोजन की एक खास विशेषता यह भी होगी कि इसमें स्टार्टअप और नवाचार को भी बढ़ावा दिया जाएगा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, क्लाउड कंप्यूटिंग और हार्डवेयर डिजाइन जैसे क्षेत्रों में काम करने वाली अंतरराष्ट्रीय कंपनियां भाग लेंगी।
तकनीक और अनुसंधान से जुड़े युवाओं के लिए स्टार्टअप इकोसिस्टम में सीधी एंट्री का यह सुनहरा अवसर होगा। साथ ही मैकेनिकल इंजीनियरिंग और इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग प्राप्त युवाओं के लिए भी नौकरियों के अवसर उपलब्ध होंगे।
Also Read: Agra News: 1 करोड़ की रिश्वत ठुकराई, नकली दवा के सबसे बड़े मार्केट पर STF का छापा, कारोबारी गिरफ्तार

