Lucknow News: टाइल्स कारीगर की गला रेतकर हत्या, चिनहट के सुनसान मैदान में मिली लाश
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र में मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात एक युवक की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी गई। युवक का शव हरदासीखेड़ा स्थित एक सुनसान मैदान में खून से लथपथ हालत में मिला। घटनास्थल पर मिली शराब की बोतलों और अन्य साक्ष्यों से पुलिस को अंदेशा है कि पार्टी के दौरान दोस्तों के बीच हुए विवाद में इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
घटना का विवरण
मृतक की पहचान रितेश सिंह, निवासी कल्याणी विहार कॉलोनी (चिनहट) के रूप में हुई है। रितेश पेशे से टाइल्स कारीगर था। परिजनों के अनुसार, रितेश मंगलवार शाम बिना कुछ बताए घर से निकला था। देर रात तक वापस न आने पर परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, तभी स्थानीय लोगों ने मैदान में एक युवक को घायल अवस्था में देख पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से रितेश को अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रितेश के गले पर धारदार हथियार से गहरा वार किया गया था, जिससे अधिक खून बह जाने के कारण उसकी जान चली गई।
मौके से मिले अहम सुराग
पुलिस को घटनास्थल से शराब, कोल्ड ड्रिंक और पानी की बोतलें मिली हैं। पास में ही एक बाइक भी खड़ी मिली, जिसके रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर ही मृतक की शिनाख्त संभव हो सकी। पुलिस इलाके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि रितेश के साथ कौन-कौन से लोग वहां मौजूद थे।
पुलिसिया कार्रवाई और संदेह के घेरे
पुलिस ने रितेश के दो परिचितों (दोस्तों) को हिरासत में लिया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश, पैसों के लेनदेन या व्यक्तिगत विवाद का लग रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और बात हत्या तक पहुँच गई।

