Lucknow News: आर्थिक तंगी से परेशान BJP विधायक के भतीजे ने किया सुसाइड

Lucknow News: लखनऊ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। भाजपा विधायक विनय कुमार द्विवेदी के भतीजे शिवम त्रिपाठी का शव उनके फ्लैट में मिला है। शिवम का शव बेडशीट के सहारे पंखे से लटका हुआ मिला। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है और परिजनों ने उनके पार्टनर्स पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

फ्लैट में फंदे से लटका मिला शव

शिवम त्रिपाठी बलरामपुर के रहने वाले थे और सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र स्थित रिश्ता मैनहैटन में टावर नंबर A2 के फ्लैट संख्या 407 में किराए पर रहते थे। 1 फरवरी की शाम मकान मालिक फ्लैट पर पहुंचा, लेकिन काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद मकान मालिक को शक हुआ और उसने सिक्योरिटी गार्ड को बुलाया। वीडियो बनाते हुए दरवाजा तोड़ा गया। अंदर जाकर देखा गया तो शिवम पंखे से फंदे के सहारे लटके हुए थे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

नहीं मिला सुसाइड नोट

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को बुलाया गया। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। पुलिस के अनुसार मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

Lucknow News: आर्थिक तंगी से परेशान BJP विधायक के बेटे ने किया सुसाइड

पैसे को लेकर चल रहा था परेशान

मृतक के परिजनों का आरोप है कि शिवम के पार्टनर्स ने उनके साथ धोखाधड़ी की थी और पैसों का घपला किया था। परिजनों के अनुसार शिवम प्रॉपर्टी का काम करते थे और काफी समय से उनके साथ काम करने वाले लोग उन्हें पैसा नहीं दे रहे थे। कई बार पैसे मांगने के बावजूद उन्हें कोई जवाब नहीं मिला, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। इस मामले में परिजनों ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में आरोपी पार्टनर्स के खिलाफ तहरीर दी है।

घटना से करीब एक सप्ताह पहले 24 जनवरी को शिवम ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर जिम करते हुए वीडियो पोस्ट किया था। पोस्ट में उन्होंने लिखा था कि आपका बुरा भगवान नहीं, हम करेंगे। वीडियो के बैकग्राउंड में गाना चल रहा था जिसमें कहा गया था कि सब काम भगवान के भरोसे नहीं छोड़ते हैं और अगर किसी ने बुरा किया है तो उसका जवाब खुद देंगे।

परिवार ने FIR की मांग की

शिवम त्रिपाठी के फूफा विनय कुमार द्विवेदी गोंडा जिले की मेहनौन विधानसभा सीट से भाजपा विधायक हैं। उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा उम्मीदवार को हराकर लगातार दूसरी बार जीत हासिल की थी। शिवम के परिवार का राजनीतिक जुड़ाव भी रहा है और परिवार के एक अन्य सदस्य एमएलसी का चुनाव भी लड़ चुके हैं।

शिवम के परिवार में उनके पिता राजेश त्रिपाठी, मां और दो भाई प्रखर और अभिषेक हैं। परिजनों ने आरोपी पार्टनर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Also Read: T20 वर्ल्ड कप में नहीं मिली एंट्री तो बांग्लादेश ने शुरू किया अपना T20 कप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.