Lucknow News: CBN के दो इंस्पेक्टर गिरफ्तार, 10 लाख की रिश्वत मांगने के मामले में CBI की कार्रवाई
Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्रीय जांच एजेंसी CBI ने लखनऊ में सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स (CBN) के दो इंस्पेक्टरों को रिश्वतखोरी के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अधिकारियों की पहचान महिपाल सिंह और रवि रंजन के रूप में हुई है। आरोप है कि दोनों ने एक निजी नर्सिंग होम संचालक से 10 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी, जिससे उसे एक झूठे मादक पदार्थ तस्करी केस में न फंसाया जाए।
रिश्वत मांगने के लिए दी गई धमकी
CBI की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिपाल सिंह और रवि रंजन ने लखनऊ स्थित देवा नर्सिंग होम के मालिक गयासुद्दीन अहमद को धमकी दी थी कि यदि वह 10 लाख रुपये की रिश्वत नहीं देता, तो उसे प्रतिबंधित दवा कोडीन सिरप की अवैध बिक्री के केस में फंसा दिया जाएगा।
इस मामले की जड़ें उस समय की हैं जब इंस्पेक्टर महिपाल सिंह ने कोडीन सिरप बेचने के आरोप में एक व्यक्ति रोशन लाल को पकड़ा था। आरोप है कि इसी केस में गयासुद्दीन को भी झूठा फंसाने की धमकी देकर उससे बड़ी रकम वसूली गई।
चार लोग गिरफ्तार, रिश्वत की रकम बरामद
CBI ने इस मामले में महिपाल सिंह, रवि रंजन, गयासुद्दीन अहमद और एक अन्य व्यक्ति सुनील जायसवाल को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि रिश्वत के 10 लाख रुपये की नकदी भी बरामद कर ली गई है। इसके साथ ही अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भी जांच जारी है।
CBI ने इस केस में भ्रष्टाचार और आपराधिक साजिश की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। सीबीआई सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई विश्वसनीय इनपुट के आधार पर की गई, जिसके अनुसार सरकारी अधिकारी निजी व्यक्तियों के साथ मिलकर झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर उगाही कर रहे थे।
जांच जारी, अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच
CBI इस बात की जांच कर रही है कि इस रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं। शुरुआती जांच में कुछ अन्य अज्ञात व्यक्तियों की भूमिका भी सामने आई है, जिन्हें जल्द ही पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।
Also Read: UP News: आंगनबाड़ी कर्मियों को CM योगी का तोहफा, आज मिलेगा नियुक्ति पत्र

