Lucknow News: बंद घरों को निशाना बनाने वाले दो शातिर चढ़े पुलिस के हत्थे, सोने-चांदी के जेवर बरामद
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में बंद मकानों पर धावा बोलने वाले शातिर चोरों का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। क्राइम ब्रांच लखनऊ और थाना मड़ियांव की संयुक्त टीम ने दो ऐसे अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जो कई महीनों से शहर के विभिन्न इलाकों में बंद घरों का ताला तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से सोने-चांदी के भारी मात्रा में आभूषण बरामद किए हैं, जिनमें पीली धातु के जेवरों का वजन 162 ग्राम और सफेद धातु का वजन 685 ग्राम के करीब है।
शौक ने बनाया चोर
दरअसल यह यह कार्रवाई उस समय की गई, जब पुलिस टीम आईआईएम तिराहा क्षेत्र में नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी और तभी मुखबिर से सूचना मिली कि जिन दो युवकों की फुटेज पहले सामने आई थी और जिनकी तलाश कई दिनों से चल रही थी, वे घैला पुल के पास किसी वारदात की फिराक में खड़े हैं। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान पहले युवक ने अपना नाम अभिषेक गौतम उर्फ शिवम उर्फ टीटू बताया, जिसकी उम्र लगभग 22 वर्ष है और जो सहादतगंज के बिहारीपुर इलाके का निवासी है। दूसरा युवक शिवम सोनवानी उर्फ मैगी उर्फ छोटू निकला, जिसकी उम्र लगभग 25 वर्ष है और वह लकड़मंडी, सहादतगंज में किराये पर रहता था जबकि उसका मूल निवास थाना माल क्षेत्र में है। दोनों ही युवक खाने-पीने और कैटरिंग के काम से जुड़े थे, लेकिन शौक पूरे करने और तेज़ी से पैसा कमाने के लालच में चोरी की घटनाओं में लिप्त हो गए थे।
सोने-चांदी के जेवर बरामद
वहीं गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उनकी तलाशी ली तो उनके पास से सोने-चांदी के भारी मात्रा में आभूषण मिले। इनमें गले का सेट, कंगन, झुमकी, चैन, झालर, मंगलसूत्र, टप्स, बाली, अंगूठियां, मांग टीका और ‘ओम’ का लाकेट शामिल था। चांदी के सामान में पायजेब, पायल और सफेद धातु का एक बिस्किट बरामद किया गया। बरामद जेवरातों के आधार पर थाना मड़ियांव में उनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा, 331(4) और 305(a) के तहत मुक़दमा दर्ज किया गया, जिसके बाद बरामदगी को देखते हुए धारा 317(2) भी बढ़ा दी गई।
अपराध जगत से है पुराना नाता
जांच में यह बात भी सामने आई कि दोनों आरोपियों का अपराध जगत से पुराना नाता है। अभिषेक गौतम के खिलाफ लखनऊ के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट और सेंधमारी जैसे मामलों में कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि उसके साथी शिवम सोनवानी के खिलाफ पांच से अधिक गंभीर मामले पहले से दर्ज पाए गए। दोनों लंबे समय से शहर के अलग-अलग इलाकों में बंद पड़े घरों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं। पुलिस अब इनके आपराधिक नेटवर्क, साथी और चोरी के जेवर खरीदने वाले गिरोह के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों को अदालत के समक्ष पेश किया जा रहा है, जबकि अन्य थानों से इनके पुराने मामलों की भी जानकारी मांगी गई है।

