Lucknow News: लाखों की शराब के साथ पकड़े गए दो अंतरराष्ट्रीय तस्कर, लग्जरी कार भी बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर अंतरराष्ट्रीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। ये तस्कर हरियाणा से अवैध शराब की बड़ी खेप बिहार ले जा रहे थे, जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इनके पास से अलग-अलग ब्रांड की 473 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ एक कूटरचित नंबर प्लेट लगी Kia Sonet कार भी बरामद की है। यह कार्रवाई थाना गोसाईगंज, सर्विलांस सेल दक्षिणी और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने की।

पुलिस ने ऐसे किया गिरफ्तार

16 सितंबर 2025 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि हरियाणा से बिहार जा रही एक Kia Sonet कार (नंबर PB27-L-1428) में भारी मात्रा में अवैध शराब भरी हुई है। इस सूचना के बाद पुलिस की टीम सुलतानपुर हाईवे पर एक्सेला अपार्टमेंट के पास नाकाबंदी कर गाड़ियों की चेकिंग करने लगी। जब तस्करों ने पुलिस को देखा, तो वे अपनी गाड़ी को घुमाकर अयोध्या की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने फौरन घेराबंदी कर दुलारमऊ गांव के पास उनकी गाड़ी को रोक लिया। गाड़ी में बैठे दोनों शख्स भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहन लाल (35) और कृशन कुमार (25) के रूप में हुई है, दोनों हरियाणा के रहने वाले हैं।

जांच में हुआ बड़ा खुलासा

पूछताछ में तस्करों ने बताया कि वे हरियाणा से शराब लाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचते थे, क्योंकि बिहार में शराबबंदी है। उन्होंने बताया कि वे बिहार में घुसने से पहले अपनी गाड़ी की नंबर प्लेट बदल लेते थे ताकि पुलिस को उन पर शक न हो। पुलिस ने उनकी गाड़ी से एक फर्जी नंबर प्लेट (BR01-CJ-0557) भी बरामद की है। आरोपियों ने यह भी बताया कि उन्होंने यह गाड़ी जूम कार ऐप से किराए पर ली थी। बरामद की गई शराब में कई नामी ब्रांड शामिल हैं, जैसे रॉयल स्टैग और ब्लेंडर्स प्राइड। सभी शराब की बोतलों पर “फॉर सेल इन हरियाणा ओनली” लिखा था।

पुलिस ने बताया कि मोहन लाल का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी इस तरह के मामलों में शामिल रह चुका है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि उनकी इस कार्रवाई से संगठित अपराध पर लगाम लगाने में मदद मिली है।

Also Read: करोड़ों की धोखाधड़ी में 20 साल बाद मिला इंसाफ, कस्टम इंस्पेक्टर समेत दो को 5 साल की जेल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.