Lucknow News: फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले दो शातिर गिरफ्तार, रिवॉल्वर, कार और मोबाइल बरामद
Lucknow News: राजधानी लखनऊ की चिनहट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लाइसेंसी रिवॉल्वर .32 बोर, दो खोखा कारतूस .45 बोर, घटना में प्रयुक्त एक कार और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने मामले में गंभीरता दिखाते हुए मुकदमा दर्ज किया
थाना चिनहट पुलिस के अनुसार 9 अक्टूबर को वादी मुकम्मिल उर्फ सैफ ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि वह अपने परिचितों के साथ बैठा था तभी कुछ लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की और फरार हो गए। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई थी। पुलिस ने मामले में गंभीरता दिखाते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त अभय सिंह यादव पुत्र मेवालाल निवासी बिखारिया खंड बख्खाशी लखनऊ और अमित राय उर्फ अशर्फी पुत्र अजय राय निवासी कोलकाता हाल पता नजीमुल्लापुर थाना सरोजनीनगर लखनऊ को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में अभियुक्तों ने फायरिंग की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
नेटवर्क की भी जांच की जा रही
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ थाना चिनहट में धारा 109, 191(2), 191(3), 190, 351(3), 352, 238, 324(4)/3(5) बीपीएसएम और 30 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बरामद हथियार को सील कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है। दोनों अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दिशा चंद्र मिश्रा, उपनिरीक्षक विकास कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक धनंजय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक दीपक पांडेय, हेड कांस्टेबल नितिन कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल सुशांत सिंह और कांस्टेबल प्रतीक तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Also Read: कानपुर में अवैध पटाखा कारोबार पर सख्ती, 12 गिरफ्तार, 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड

