Lucknow News: दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, लैपटॉप और नकदी बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिमी जोन में पड़ने वाले ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी का लैपटॉप और नकदी बरामद की है।
यह मामला 14 सितंबर 2025 का है, जब न्यू फरीदीपुर, दुबग्गा के रहने वाले मोहम्मद सुहैब ने ठाकुरगंज थाने में एक शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने 16 कस्टमर मोबाइल, 15 नए मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, और 20,090 रुपये नकद सहित कई सामान चुरा लिए थे।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की हुई पहचान
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में जुट गई। 19 सितंबर 2025 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर, पुलिस ने भूहर पुल के पास से दो शातिर चोरों को पकड़ा। इनकी पहचान मोहम्मद समीर उर्फ भाटिया (19) और फिरोज (22) के रूप में हुई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी मोहम्मद समीर उर्फ भाटिया एक कुख्यात अपराधी है और उसके खिलाफ लखनऊ और अन्य जिलों के अलग-अलग थानों में कई मामले दर्ज हैं।
दोनों आरोपियों के पास से चोरी किया गया डेल कंपनी का लैपटॉप, 20,090 रुपये नकद और मोबाइल फोन की एक्सेसरीज बरामद की गई हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Also Read: रोजगार की कमी से ऑनलाइन गेमिंग का शिकार हो रहा युवा, अजय राय ने सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल

