Lucknow News: यूपी एसटीएफ को कोडीन कफ सिरप तस्करी मामले में बड़ी सफलता, दो सगे भाई गिरफ्तार
Lucknow News: कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी के मामले में यूपी एसटीएफ ने गुरुवार को एक और बड़ी कार्रवाई की है। एसटीएफ ने सहारनपुर के रहने वाले दो सगे भाई, अभिषेक शर्मा और शुभम शर्मा को लखनऊ के आलमबाग इलाके से गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर कोडीन कफ सिरप का अवैध स्टॉक रखने और फर्जी फर्मों के जरिए उसके अवैध कारोबार को आगे बढ़ाने का आरोप है। छापेमारी के दौरान एसटीएफ को इनके पास से दो मोबाइल फोन और फर्जी फर्म से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद हुए।
आरोपियों की भूमिका अहम
मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों सगे भाई अभिषेक और शुभम को लखनऊ के आलमबाग मवैया रोड, टेढ़ी पुलिया तिराहे के पास से पकड़ा गया। SIT को इन दोनों की तलाश लंबे समय से थी। जानकारी के अनुसार, दिल्ली में एबॉट कंपनी के सुपर डिस्ट्रीब्यूटर से जुड़े होने के कारण दोनों इस नेटवर्क में अहम भूमिका निभाते थे। पूछताछ के दौरान अभिषेक ने खुलासा किया कि वर्ष 2019 से वह जी.आर. ट्रेडिंग फर्म में काम कर रहा था। शुरुआत में उसने लोडिंग-अनलोडिंग और रिकॉर्ड संभालने का काम किया, लेकिन बाद में वह फर्जी फर्मों के माध्यम से फेन्सेडिल (कोडीन मिश्रित कफ सिरप) की खरीदी-बिक्री के अवैध चक्र में शामिल हो गया।
SIT की जांच में सामने आया कि विभोर राणा और विशाल सिंह, जी.आर. ट्रेडिंग के जरिए एबॉट कंपनी की कफ सिरप की बड़ी सप्लाई मंगाते थे, जिसे फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से वैध दिखाया जाता था। इसके बाद यह नशे के रूप में इस्तेमाल के लिए तस्करों को भेजी जाती थी। यह तस्करी बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के रास्ते बांग्लादेश तक हो रही थी।
जारी हुई थी 12 की सूची
इसी मामले में SIT ने बुधवार को 12 बड़े साजिशकर्ताओं की सूची जारी की थी। इस नेटवर्क में विभोर राणा, सौरभ त्यागी, विशाल राणा, पप्पन यादव, शादाब, मनोहर जायसवाल, अभिषेक शर्मा, विशाल उपाध्याय, भोला प्रसाद, शुभम जायसवाल, आकाश पाठक और विनोद अग्रवाल शामिल हैं। इन सभी पर कोडीन मिश्रित कफ सिरप की अवैध खरीद-बिक्री, स्टॉकिंग और interstate–international तस्करी का आरोप है।
Also Read: Siddharthnagar News: धार्मिक विवाद से बढ़ा तनाव, छावनी में बदला इलाका, प्रशासन सतर्क

