Lucknow News: डिफेंस लैंड के लिए दिल खोलकर जमीन देगा यूपी: CM योगी
Lucknow News: लखनऊ स्थित ब्रह्मोस एयरोस्पेस यूनिट से तैयार की गई ब्रह्मोस मिसाइलों की पहली खेप को शनिवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरी झंडी दिखाई। इस ऐतिहासिक मौके ने उत्तर प्रदेश को रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में एक नई पहचान दी है।
स्वदेशी तकनीक पर आधारित सफलता
यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह दिन उनके लिए विशेष खुशी का क्षण है, क्योंकि यह स्वदेशी तकनीक पर आधारित मिसाइल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया संकल्प को साकार करने की दिशा में यह एक बड़ा कदम है।
योगी ने कहा, “हमारे लिए गर्व की बात है कि स्वदेशी तकनीक से बनी ब्रह्मोस मिसाइल की पहली खेप को रक्षा मंत्री की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाई जा रही है। यह न केवल भारत की रक्षा आत्मनिर्भरता का प्रतीक है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि अब भारत अपने मित्र देशों की सुरक्षा जरूरतें भी पूरी करने में सक्षम है।”

यूपी की जमीन अब सोना बन रही है
मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां भी डिफेंस लैंड की जरूरत पड़ेगी, वहां उत्तर प्रदेश दिल खोलकर जमीन देगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने रक्षा उद्योगों के लिए मुफ्त जमीन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। योगी बोले, “यही धरती माता चाहती हैं, कि जमीन का सदुपयोग हो। मैंने डीआरडीओ से कहा है कि आपको जितनी जमीन चाहिए, यूपी में मिलेगी। अब देखिए, यूपी की धरती सोना बन रही है।”

