Lucknow News: शातिर महिला वकील ने अधिकारियों को फंसाकर ठगे करोड़ों रुपये, मुकदमा दर्ज

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बड़े अधिकारियों को प्रेम जाल में फंसाकर उनसे मोटी रकम ऐंठने वाले वकील गैंग का खुलासा हुआ है। इस गैंग की मुख्य आरोपी महिला अधिवक्ता शालिनी शर्मा के खिलाफ लखनऊ के गोमतीनगर थाने में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

बार काउंसिल में सुनवाई के दौरान हुआ खुलासा

यह मामला तब उजागर हुआ जब बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के कैंप कार्यालय, विपुल खंड, में इस संबंध में एक सुनवाई हो रही थी। बताया जाता है कि आरोपी महिला वकील शालिनी शर्मा अपने अन्य वकील साथियों के साथ मिलकर एक ठगी का संगठित गैंग चला रही थी।

इस मामले के खुलासे के बाद लखनऊ पुलिस ने आरोपी शालिनी शर्मा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने न केवल उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया बल्कि उसका वकालत का रजिस्ट्रेशन भी रद्द कर दिया गया है और 50,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

अफसरों को प्रेम जाल में फंसाकर ठगी का खेल

लखनऊ स्थित आशियाना के निवासी दीपक कुमार, जो बनारस में एपीओ के पद पर तैनात हैं, भी इस ठगी का शिकार हुए हैं। दीपक ने बताया कि शालिनी शर्मा ने उन्हें प्रेम जाल में फंसाकर झूठे मुकदमे के सहारे लाखों रुपये की ठगी की योजना बनाई थी। शालिनी ने दीपक के खिलाफ फर्जी मैरिज सर्टिफिकेट लगाकर बार काउंसिल में शिकायत दर्ज करवाई।

सुनवाई के दौरान दीपक ने खुलासा किया कि आरोपी शालिनी ने एक फर्जी शादी का प्रमाणपत्र दिखाकर दावा किया कि 2 जनवरी 2001 को उनकी शादी सहारनपुर में रजिस्टर्ड हुई थी। हालांकि, जब दीपक ने 20 दिसंबर 2024 को सहारनपुर से इसकी जांच कराई तो पता चला कि कोई भी ऐसा विवाह पंजीकृत नहीं है। इस फर्जी दस्तावेज के सहारे ठगी की योजना बनाकर आरोपी वकील ने दीपक को फंसाने की कोशिश की थी। बार काउंसिल की ओर से मामले की जांच के दौरान यह पूरा खेल उजागर हुआ।

गैंग का मास्टरमाइंड और अन्य आरोपी

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी शालिनी शर्मा बड़े अधिकारियों के संपर्क में रहकर विभिन्न बहानों से पैसे ऐंठती थी और जब वे रकम देने से मना कर देते थे तो उन पर झूठे रेप के आरोप लगाने की धमकी देती थी। इस गैंग में हाईकोर्ट के वकील अशोक कुमार पांडेय का भी बड़ा सहयोग बताया जा रहा है। अशोक पांडेय शालिनी के सीनियर वकील होने के साथ-साथ इस गैंग के मुख्य सरगना हैं।

इसके अलावा, इस गिरोह में सहारनपुर का एक अन्य व्यक्ति भी शामिल है, जो फर्जी मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने का काम करता था। इस संगठित गिरोह के खिलाफ पुलिस ने जांच तेज कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया गया है।

आगे की कार्रवाई

लखनऊ पुलिस अब इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपी शालिनी शर्मा सहित अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि इस गैंग के तार कई अन्य मामलों से जुड़े हो सकते हैं, जिनकी गहनता से जांच की जा रही है। इस चौंकाने वाले खुलासे के बाद, लखनऊ में कानूनी पेशे की साख पर सवाल खड़े हो गए हैं। बार काउंसिल और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से उम्मीद की जा रही है कि ऐसे संगठित अपराधों पर सख्त लगाम लगेगी।

Also Read: Varanasi News: एक लाख का इनामी विक्की गिरफ्तार, पांच लोगों की हत्या के बाद हुआ था फरार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.