Lucknow: बैंक लॉकर लूट कांड में पीड़ितों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद, थाने में जेवरों के एल्बम लेकर पहुंचे लोग
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के चिनहट इलाके में स्थित मटियारी चौराहे पर हुए बैंक लॉकर लूटकांड के पीड़ितों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में 29 पीड़ितों को नोटिस जारी कर 16 जुलाई को थाने बुलाया है, जहां वे अपने गहनों और सामान की पहचान कर सकेंगे।

यह मामला 21 दिसंबर 2024 का है, जब 7 बदमाशों ने इंडियन ओवरसीज़ बैंक की एक शाखा में लॉकर काटकर करोड़ों रुपये के जेवर और कीमती सामान लूट लिया था। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन बदमाशों को मुठभेड़ में ढेर कर दिया था, जबकि चार को गिरफ्तार किया गया था।

अब शुरू होगी गहनों की पहचान की प्रक्रिया
लूटकांड के बाद पुलिस ने आरोपियों से सोने-चांदी के गहने और नकदी बरामद की थी, जिसकी रिपोर्ट कोर्ट को भेजी गई थी। कोर्ट से आदेश मिलने के बाद अब चिनहट थाने में एक विशेष कमेटी के सामने पीड़ितों से गहनों की पहचान कराई जाएगी। पुलिस ने सभी पीड़ितों से कहा है कि वे गहनों की फोटो, रसीद और पहचान से जुड़े दस्तावेज लेकर 16 जुलाई को थाने पहुंचे, ताकि पुष्टि की जा सके कि बरामद माल उन्हीं का है।

कमेटी की देखरेख में होगी कार्यवाही
इस पहचान प्रक्रिया की निगरानी के लिए एक चार सदस्यीय कमेटी बनाई गई है, जिसमें एसीपी विभूतिखंड विनय दिवेदी, चिनहट थाना प्रभारी दिनेश मिश्रा और अन्य अधिकारी शामिल हैं। इन्हीं के सामने गहनों की जांच-पड़ताल और पहचान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि जैसे ही पीड़ित अपने गहनों की सही पहचान कर लेंगे, रिपोर्ट कोर्ट को सौंपी जाएगी। इसके बाद न्यायिक आदेश के आधार पर बरामद जेवर पीड़ितों को सौंपे जाने की प्रक्रिया शुरू हो सकेगी। लूट के शिकार लोगों के लिए यह खबर किसी राहत से कम नहीं है। करीब सात महीने बाद उन्हें अपने बहुमूल्य गहने और सामान वापस मिलने की उम्मीद जगी है। चिनहट पुलिस की इस त्वरित कार्यवाही की सराहना भी की जा रही है।
Also Read: लखनऊ का खुला नाला बना खतरा, जिम्मेदारों को है हादसे का इंतजार?

