Lucknow News: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला, बारिश थमने से बढ़ेगी गर्मी और उमस

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार थम-सी गई है। पिछले कुछ दिनों से जारी रुक-रुककर बारिश के बीच अब मौसम ने करवट बदल ली है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि राज्य में अगले तीन से चार दिनों तक कहीं-कहीं छिटपुट बूंदाबांदी को छोड़कर प्रभावी बारिश की संभावना बेहद कम है। ऐसे में बारिश का इंतजार कर रहे लोगों को अब गर्मी और उमस का सामना करना पड़ेगा।

जिलों में धूप-छांव के बीच उमसभरी गर्मी बनी रहेगी

लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि वर्तमान में मानसून अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर खिसक गया है। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब दक्षिणी उड़ीसा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय हिस्सों को पार कर चुका है। इस कारण उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता कमजोर हो गई है। अगले कुछ दिनों तक बारिश का असर बहुत हल्का रहेगा और अधिकतर जिलों में धूप-छांव के बीच उमसभरी गर्मी बनी रहेगी।

हल्की बौछारें पड़ने की संभावना जरूर बनी हुई है 

उन्होंने बताया कि जब बादल छटेंगे और धूप तेज होगी तो तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी। दिन और रात, दोनों समय का पारा ऊपर जाएगा, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। विशेष रूप से मैदानी हिस्सों में उमस अधिक परेशान करेगी। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्रों में कहीं-कहीं बादल छाने और हल्की बौछारें पड़ने की संभावना जरूर बनी हुई है, लेकिन यह बारिश राहत देने लायक नहीं होगी।

ग्रामीण इलाकों में किसान भी बारिश की कमी को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं

इस बीच राजधानी लखनऊ समेत आसपास के जिलों में रविवार से ही उमस का असर दिखने लगा है। दिन में धूप निकलने और हवा में नमी की वजह से लोग पसीने से बेहाल हो रहे हैं। ग्रामीण इलाकों में किसान भी बारिश की कमी को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं, क्योंकि धान समेत खरीफ की अन्य फसलों के लिए पर्याप्त पानी की जरूरत होती है।

विभाग का ये है कहना

मौसम विभाग का कहना है कि यदि बंगाल की खाड़ी में दोबारा कोई निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय होता है, तो राज्य में मानसून की गति फिर तेज हो सकती है। फिलहाल लोगों को अगले तीन-चार दिनों तक उमस और गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.