Lucknow News : डंडे से पीट-पीटकर पत्नी की हत्या, झगड़े के बाद आपा खो बैठा पति

Lucknow News : राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ एक महिला को उसके पति ने बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला। यह घटना सोमवार की देर रात हुई, जब पति ने डंडे से अपनी पत्नी की निर्मम पिटाई की। मंगलवार सुबह पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद आरोपी पति को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस द्वारा जारी पूछताछ में यह बात सामने आई कि पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद यह घटना अंजाम दी गई।

जानकारी के अनुसार, मोहनलालगंज के हुलास खेड़ा इलाके के निवासी राजकुमार और उसकी पत्नी कंचन के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई। इसके बाद राजकुमार ने डंडे से कंचन की पिटाई शुरू कर दी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और रात में ही उसकी मौत हो गई। सुबह जब कंचन देर तक नहीं उठी, तो उनके बच्चों ने पड़ोसियों को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और फील्ड यूनिट को बुलाया गया।

शराब को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़े होते रहते थे

परिवार वालों ने बताया कि राजकुमार और कंचन की शादी को लगभग 12 साल हो चुके थे और उनके तीन बच्चे भी हैं। राजकुमार शराब के आदी थे, और अक्सर शराब को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़े होते रहते थे। सोमवार की रात भी राजकुमार शराब पीकर घर लौटे और कंचन से किसी बात को लेकर बहस हो गई। इसी दौरान राजकुमार ने डंडे से कंचन की पिटाई की, जिससे उसे जानलेवा चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।

अतिरिक्त उपायुक्त पुलिस (एडीसीपी) अमित कुमार कुमावत ने बताया कि मंगलवार सुबह 9 बजे पुलिस को सूचना मिली कि मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के हुलास खेड़ा निवासी राजकुमार ने डंडे से पीटकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने कंचन को अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.