Lucknow News: ‘तार चोर’ गिरोह का पर्दाफाश, शातिर ‘बोर्नवीटा’ गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के मलिहाबाद पुलिस और डीसीपी (उत्तरी) की सर्विलांस टीम को शुक्रवार को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मोबाइल टावरों और बिजली के पोल से तार चोरी करने वाले अंतर-जनपदीय गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपी का नाम विकास शुक्ला उर्फ ‘बोर्नवीटा’ है, जो मूल रूप से उन्नाव का रहने वाला है और यहां अपनी ससुराल में रहकर चोरी का धंधा चला रहा था।

टावर से केबिल गायब होने पर शुरू हुई थी तलाश

मामले की शुरुआत 3 जनवरी को हुई थी, जब इंडस टावर लिमिटेड के टेक्नीशियन अनुभव ने मलिहाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि ग्राम मुजासा में स्थित एयरटेल के टावर से 28 दिसंबर की रात अज्ञात चोरों ने लाखों के बिजली उपकरण और केबिल काटकर चोरी कर लिए हैं। इस शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की।

माल बेचने की फिराक में था, तभी हत्थे चढ़ा

शुक्रवार को मलिहाबाद पुलिस जब माल रोड रेलवे क्रॉसिंग के पास गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि टावर से चोरी किया गया माल बेचने के लिए एक व्यक्ति जाने वाला है। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की और विकास शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से तीन बोरी बिजली के तार और केबिल बरामद हुए। साथ ही तार काटने के लिए इस्तेमाल होने वाले कटर, आरी ब्लेड और प्लास भी मिले।

पूछताछ में उगले कई राज

पुलिस की पूछताछ में विकास ने बताया कि वह अपने तीन साथियों सुनील रावत, बसंतलाल और यूनुस के साथ मिलकर गिरोह चलाता है। उसने कई पुरानी चोरियों का भी खुलासा किया:

मई 2025: महात्मा गांधी इंटर कॉलेज से बिजली के तार चोरी किए।

अगस्त 2025: ग्राम माधौपुर में एक खेत के कमरे से समरसेबल पंप गायब किया।

नवंबर 2025: ग्राम ढकवा में बिजली के तीन खंभों के तार उड़ाए।

दिसंबर 2025: मुजासा गांव के मोबाइल टावर और तेरवा गांव के नलकूपों से केबिल चोरी की।

विकास ने बताया कि वे चोरी का माल मुजासा नहर के पास छिपा देते थे और मौका पाकर धीरे-धीरे उसे बेचते थे।

शातिर अपराधी है ‘बोर्नवीटा’

पकड़ा गया आरोपी विकास शुक्ला उर्फ बोर्नवीटा कोई नौसिखिया नहीं, बल्कि एक पेशेवर अपराधी है। उस पर लखनऊ के आशियाना, पीजीआई, पारा, ठाकुरगंज और तालकटोरा जैसे विभिन्न थानों में 15 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इसके फरार साथियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Also Read: प्रयागराज में एंटी करप्शन टीम का बड़ा एक्शन, 87,500 रुपये की रिश्वत लेते नगर पालिका का बाबू गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.