Lucknow News : महिला IAS चैत्रा वी ने होटल कारोबारी पर लगाया मानसिक प्रताड़ना का आरोप, FIR दर्ज

Lucknow News : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक हाई-प्रोफाइल मामला सामने आया है। युवा कल्याण एवं पीआरडी विभाग (Department of Youth Welfare and PRD) की महानिदेशक और महिला IAS अधिकारी चैत्रा वी ने होटल कारोबारी नरेन राज पर गंभीर आरोप लगाएं हैं। महिला IAS अधिकारी (IAS Officer)  ने नरेन राज के खिलाफ मानसिक प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले में लखनऊ पुलिस ने आलमबाग थाने में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

महिला IAS चैत्रा (Lucknow IAS Chaitra V ) वी के मुताबिक, होटल कारोबारी नरेन राज उनके पति हरीश कुमार के साथ होटल कारोबार में पार्टनर हैं। शुरुआती दिनों में व्यापार सही चला, लेकिन बाद में बिजनेस में घाटा हो गया। घाटे के बाद नरेन राज ने उन पर बड़े होटल कारोबारियों से परिचय कराने और मुलाकात कराने का दबाव बनाया।

महिला IAS अफसर का आरोप है कि जब उन्होंने इस मांग को ठुकरा दिया, तो नरेन राज ने उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। यह उत्पीड़न कई हफ्तों तक जारी रहा, जिससे उनके कामकाज और निजी जीवन पर गंभीर नकारात्मक असर पड़ा।

पुलिस ने शुरू की जांच

लखनऊ के आलमबाग थाने में दर्ज FIR में चैत्रा वी ने विस्तार से अपनी शिकायत लिखी है। उन्होंने कहा कि नरेन राज के लगातार मानसिक उत्पीड़न के कारण उनका मानसिक संतुलन और कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

आलमबाग थाने के इंस्पेक्टर सुभाष सरोज ने बताया कि शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर ली गई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस सभी पहलुओं पर सबूत इकट्ठा कर रही है, गवाहों के बयान दर्ज कर रही है, और तफ्तीश पूरी होने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.