Lucknow News: 20 हजार से ज्यादा स्वास्थ्य शिविरों में महिलाओं और बच्चों को मिलेगी निःशुल्क सुविधा

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की महिलाओं और बच्चों के लिए सोमवार को बड़ी सौगात शुरू हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी लखनऊ से पूरे प्रदेश के 75 जिलों में एक साथ 20,000 से अधिक स्वास्थ्य शिविरों का शुभारंभ किया। इन शिविरों में गंभीर बीमारियों की निःशुल्क जांच, उपचार और परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा।

कुपोषण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा

मुख्यमंत्री योगी ने अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर और केजीएमयू में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से बटन दबाकर इस अभियान की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि शिविरों में रक्तचाप, मधुमेह, एनीमिया, टीबी, ओरल कैंसर, स्तन कैंसर और सर्वाइकल कैंसर जैसी बीमारियों की जांच और इलाज किया जाएगा। साथ ही गर्भवती महिलाओं की देखभाल, बच्चों का टीकाकरण और कुपोषण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

स्मार्टफोन वितरण की घोषणा की

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया, गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की और स्वयं पोषाहार वितरण किया। उन्होंने युवाओं से रक्तदान शिविरों में भागीदारी की अपील की। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के लिए मुख्यमंत्री ने मानदेय वृद्धि और स्मार्टफोन वितरण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि उनकी मेहनत और सेवा को देखते हुए सरकार उन्हें और सशक्त बना रही है।

सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश में पिछले आठ सालों में 41 नए मेडिकल कॉलेज बने हैं और शिशु व मातृ मृत्यु दर में लगातार सुधार दर्ज हुआ है। उन्होंने गर्व से कहा कि प्रदेश से इंसेफेलाइटिस जैसी बीमारी पूरी तरह खत्म हो चुकी है।

Also Read: Lucknow News: कुकरैल में तेज रफ्तार कार नाले में गिरी, चालक गंभीर रूप से घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.