Lucknow News: महिला उद्यमिता को मिला नया मंच, ‘अनंतम’ प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित होटल हयात रीजेंसी में शुक्रवार को फिक्की फ्लो लखनऊ चैप्टर द्वारा आयोजित लाइफस्टाइल और होम डेकोर प्रदर्शनी ‘अनंतम’ के तीसरे संस्करण की धूम रही। इस भव्य आयोजन का उद्घाटन लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल और फिक्की फ्लो की राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष पूजा गर्ग ने संयुक्त रूप से किया।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि ‘अनंतम’ ने महिलाओं द्वारा संचालित ब्रांडों को एक शानदार मंच दिया है, जहाँ फैशन, आभूषण, स्वास्थ्य, गृह सज्जा और जीवनशैली से जुड़े उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है।

फिक्की फ्लो लखनऊ चैप्टर की चेयरपर्सन वंदिता अग्रवाल ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिला उद्यमियों, खासकर छोटे घरेलू व्यवसायों को बढ़ावा देना और पारंपरिक शिल्प आधारित टिकाऊ फैशन को सामने लाना है।
फैशन और होम डेकोर के संग महिला शक्ति का उत्सव
प्रदर्शनी में देशभर के 50 से अधिक डिजाइनरों और बुनकरों ने हिस्सा लिया, जिनमें मुंबई, दिल्ली, जयपुर, कोटा, वेस्ट बंगाल, लखनऊ और बनारस जैसे शहरों से आए प्रतिभागी शामिल थे। प्रदर्शनी में परिधान, आभूषण, स्किन केयर प्रोडक्ट्स, इत्र, नेल आर्ट, खूबसूरत राखियाँ और होम डेकोर आइटम्स ने लोगों को खूब आकर्षित किया।
त्योहारों के मौसम को देखते हुए लखनऊ के फैशनप्रेमियों ने इस मेले में जमकर खरीदारी की। पारंपरिक और वेस्टर्न दोनों तरह के परिधानों की भरपूर रेंज देखने को मिली, वहीं हैंडमेड प्रोडक्ट्स की मांग भी खूब रही।

इस खास मौके पर फिक्की फ्लो लखनऊ चैप्टर की वरिष्ठ उपाध्यक्ष सिमरन साहनी, स्वाति मोहन, स्मृति गर्ग, वनिता यादव, पूर्व अध्यक्ष अंजू नारायण, विभा अग्रवाल, आरुषि टंडन, और स्वाति वर्मा सहित कई गणमान्य सदस्य मौजूद रहे।
शमा गुप्ता और मिताली ओसवाल ने प्रदर्शनी की अध्यक्षता की, जबकि समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह और भाजपा के वरिष्ठ नेता सुधीर हलवासिया ने भी कार्यक्रम में अपनी विशेष उपस्थिति दर्ज कराई। अनंतम 2025 एक बार फिर यह साबित कर गया कि जब मंच और अवसर मिलते हैं, तो महिला उद्यमी अपने हुनर और आत्मबल से नया इतिहास रच सकती हैं।
Also Read: Lucknow News: सिख समाज ने महापौर सुषमा खर्कवाल का किया सम्मान, इन मुद्दों पर हुई…

