Lucknow News: गोमतीनगर ओमेक्स बिल्डिंग से गिरा युवक, इलाज के दौरान मौत
Lucknow News: गोमतीनगर पुलिस हेड क्वार्टर के पास ओमेक्स बिल्डिंग में रहने वाले एक व्यक्ति की नौवीं मंजिल से गिरने की घटना सामने आई। गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति को मौके पर मौजूद लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने दी जानकारी
पुलिस ने बताया कि घटना सुबह लगभग 8.15 बजे हुई। सूचना मिलने पर थाना सुशांत गोल्फ सिटी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिजनों के सहयोग से घायल व्यक्ति को पीजीआई ट्रामा सेंटर ले जाया गया। हालांकि, उपचार के बावजूद व्यक्ति की जान नहीं बचाई जा सकी।
नौवीं मंजिल से गिरा युवक
स्थल पर मौजूद लोगों और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अनुराग गुप्ता (28 वर्ष) अपने माता-पिता और भाई के साथ फ्लैट नंबर 902, टावर 3, ओमेक्स बिल्डिंग में रहते थे। परिजनों ने बताया कि अनुराग लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और उनका वाराणसी में इलाज चल रहा था। आज सुबह अचानक वह नौवीं मंजिल से नीचे गिर गए।
थाना पीजीआई पुलिस ने शव का पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और अन्य आवश्यक कार्यवाही जारी है।
Also Read: कैटालिना चैनल में तैरने वाली पहली ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर लड़की बनी जिया राय

