Lucknow News: गोमती नदी में युवक ने लगाई छलांग, पुलिस की तत्परता से बची जान
Lucknow News: लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में बुधवार देर रात एक सनसनीखेज घटना हुई, जब पारिवारिक विवाद से परेशान एक युवक ने गोमती नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। करीब आधे घंटे तक पानी में संघर्ष करने के बाद युवक की जान पुलिस और गोताखोरों की मदद से बचाई जा सकी। समय रहते हुई यह कार्रवाई किसी चमत्कार से कम नहीं मानी जा रही।
गोताखोरों की मदद से शुभम को बाहर निकाला गया
सूचना के मुताबिक, शक्ति नगर ढाल निवासी 26 वर्षीय शुभम चौहान ने पारिवारिक कलह से तंग आकर आत्महत्या का प्रयास किया। 1090 चौराहे के पास युवक को डूबते देख बड़ी संख्या में लोग जुट गए और पुलिस को खबर दी। थोड़ी देर बाद अंबेडकर नगर चौकी इंचार्ज हिमांशु द्विवेदी और सिपाही राकेश सरोज टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से शुभम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
परिजनों का कहना है कि शुभम लंबे समय से मानसिक तनाव झेल रहा था। घटना की सूचना मिलते ही उसका मामा भी मौके पर पहुंचा और पुलिस का आभार जताया।
सतर्कता से घर का चिराग बुझने से बच गया
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अगर पुलिस समय पर कार्रवाई न करती तो युवक की जान नहीं बच पाती। स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता से एक घर का चिराग बुझने से बच गया।
यह घटना मानसिक तनाव और पारिवारिक दबाव जैसे संवेदनशील मुद्दों पर भी सवाल खड़े करती है, जो युवाओं को आत्महत्या जैसे कदम उठाने पर मजबूर कर रहे हैं।
Also Read: लखनऊ का सहारा कॉम्प्लेक्स बिकने को तैयार, नीलामी 10 नवंबर को

