Lucknow News: लाल बत्ती लगाकर रील बनाने वाला युवक गिरफ्तार, कार सीज

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में ठाकुरगंज पुलिस ने सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने और प्रमोशन के लिए अपनी कार पर लाल (नीली-लाल) बत्ती लगाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक एक चाय की दुकान की ओपनिंग का प्रचार करने पहुंचा था। इंस्पेक्टर ठाकुरगंज ओमवीर सिंह ने बताया कि गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था।

कार पर लाल बत्ती, डैशबोर्ड पर पुलिस कैप

वीडियो में एक व्यक्ति सफेद रंग की Hyundai Verna कार से घंटाघर पर ‘जोकर चाय वाला’ दुकान के सामने उतरता दिखाई दे रहा था। इस कार पर अवैध रूप से नीली और लाल बत्ती लगी हुई थी। साथ ही, कार के डैशबोर्ड पर एक पुलिस की कैप भी रखी हुई थी, जिससे वह स्वयं को पुलिसकर्मी दिखाने का प्रयास कर रहा था। कार से उतरने वाला युवक भी जोकर के मुखौटे में था, जिसकी पहचान पत्थर वाली गली, मशरगंज, वजीरगंज निवासी आरिश किदवई (21) पुत्र अंसार किदवई के रूप में हुई।

कार सीज और बत्ती जब्त

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी आरिश किदवई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी Hyundai Verna (UP 32 FB 3483) कार को सीज कर लिया है। वाहन पर लगी हुई नीली और लाल बत्ती, साथ ही पुलिस की कैप को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर इस प्रकार अवैध रूप से सरकारी प्रतीकों और बत्तियों का उपयोग करना दंडनीय अपराध है।

Also Read: UP News: गौतम बुद्ध नगर में पुलिस एनकाउंटर, गैंगस्टर साजिद गिरफ्तार, साथी शहजाद फरार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.