खाकी का मानवीय चेहरा: निगोहां में युवक को आत्महत्या से बचाया, प्यार में नाकामी से था परेशान
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ की ‘डायल 112’ और निगोहां थाना पुलिस ने आज एक बड़ा अनहोनी को टाल दिया। मंगलवार सुबह करीब पौने ग्यारह बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि रंजीतखेड़ा गांव में एक युवक मानसिक तनाव के कारण आत्महत्या जैसा घातक कदम उठाने जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की गाड़ियां सायरन बजाती हुई मौके की ओर दौड़ पड़ीं।
शादी न हो पाने से टूट गया था युवक
पुलिस के मुताबिक, युवक अपनी प्रेमिका से शादी न हो पाने के कारण गहरे अवसाद (Depression) में था। वह खुद को खत्म करने की ठान चुका था। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बड़ी सूझबूझ दिखाई। उन्होंने युवक से बात की, उसे शांत कराया और सुरक्षित अपने साथ थाने ले आए।
थाने लाने के बाद पुलिस का एक अलग ही रूप देखने को मिला। अधिकारियों ने युवक की काउंसलिंग की और उसे समझाया कि जीवन कितना कीमती है। पुलिस ने बड़े भाई और अभिभावक की तरह उसे जीवन की चुनौतियों से लड़ने का हौसला दिया।
परिजनों को सौंपा, मिली खूब सराहना
काउंसलिंग के बाद युवक को उसके घरवालों के हवाले कर दिया गया। युवक के परिजनों और गांव के लोगों ने निगोहां पुलिस की इस तत्परता और संवेदनशीलता की जमकर तारीफ की। लोगों का कहना है कि अगर पुलिस कुछ मिनट की भी देरी करती, तो शायद परिणाम कुछ और होते।
सराहनीय कार्य करने वाली टीम
इस नेक काम को अंजाम देने में निगोहां पुलिस के साथ-साथ इन जांबाजों की मुख्य भूमिका रही।
उ0नि0 मोहित सैनी (थाना नगराम/निगोहां)
का0 मुकेश बाबू (थाना नगराम/निगोहां)
डायल-112 की मोबाइल टीम
Also Read: लखनऊ: पुलिस ने नाबालिग को अगवा करने वाले रिजवान को किया गिरफ्तार, भेजा गया जेल

