Lucknow News: शराब के लिए टोकना पत्नी को पड़ा भारी, नशेड़ी पति ने कुल्हाड़ी से काटकर की हत्या
Lucknow News: राजधानी के निगोहां थाना क्षेत्र में बीते रविवार को हुई राजेश्वरी (45 वर्ष) की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देश पर गठित टीमों ने फरार चल रहे आरोपी पति राजेश रावत को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी (आलाकत्ल) भी बरामद कर ली है।
पूछताछ में सामने आया कि राजेश रावत मूल रूप से नगराम का रहने वाला था, लेकिन दो साल पहले अपनी पैतृक संपत्ति बेचकर वह ससुराल (शेखनखेड़ा) में घर बनाकर रहने लगा था। राजेश को शराब की लत थी और वह नशे के चक्कर में जमीन भी बेच रहा था। पत्नी राजेश्वरी अक्सर उसे शराब पीने और जमीन बेचने से मना करती थी, जिसे लेकर दोनों के बीच आए दिन झगड़ा होता था।
घटना वाले दिन (8 मार्च) घर के बच्चे गांव में एक निमंत्रण में गए हुए थे। राजेश नशे की हालत में घर पहुंचा और फिर से पत्नी के साथ कहासुनी शुरू हो गई। गुस्से में आकर राजेश ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और राजेश्वरी के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। राजेश्वरी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कुल्हाड़ी लेकर अपनी मोटरसाइकिल से फरार हो गया।
मुंबई भागने की फिराक में था कातिल
एडीसीपी दक्षिणी वसंथ कुमार ने बताया कि आरोपी राजेश अपनी बहन के घर पैसे लेने पहुंचा था और वहां से मुंबई भागने की योजना बना रहा था। लेकिन मुखबिर की सटीक सूचना पर निगोहां थानाध्यक्ष अनुज कुमार तिवारी की टीम ने उसे ग्राम पतौना के पास से धर दबोचा। आरोपी की निशानदेही पर पालखेड़ा के जंगलों से खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।
Also Read: आईजीआरएस की फरवरी की रिपोर्ट में रामपुर ने मारी बाजी, शत-प्रतिशत पूर्णांक प्राप्त कर पहले स्थान पर

