Lucknow News: आरोपी सिपाही पर होगी NSA की कार्रवाई, पत्नी संग मिलकर उसके प्रेमी को उतारा था मौत के घाट

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के काकोरी इलाके में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड में बड़ा अपडेट सामने आया है।

पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी सिपाही महेंद्र कुमार और उसके भांजे विनीत पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कार्रवाई की है। यह फैसला पुलिस रिपोर्ट और जांच में सामने आए गंभीर तथ्यों के आधार पर लिया गया है।

इस वारदात ने राज्य भर में सनसनी फैला दी थी। 21 मार्च को काकोरी क्षेत्र की बरकताबाद पुलिया पर दो युवकों की निर्मम हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि सिपाही महेंद्र कुमार ने अपनी पत्नी अंकिता (उर्फ दीपिका) के साथ मिलकर अपने प्रतिद्वंदी मनोज लोधी की हत्या की साजिश रची थी।

जांच के अनुसार, अंकिता ने मनोज को फोन कर मिलने बुलाया और जब वह अपने दोस्त रोहित लोधी के साथ तय स्थान पर पहुंचा, तो पहले से घात लगाए बैठे महेंद्र, उसका भांजा विनीत और उनके तीन अन्य साथियों ने बीच सड़क पर दोनों की गला रेतकर हत्या कर दी।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि हत्या की जड़ें महेंद्र और अंकिता के वैवाहिक संबंधों से जुड़ी हैं। दिसंबर 2024 में महेंद्र को अपनी पत्नी और मनोज के बीच चल रहे प्रेम संबंधों की जानकारी मिली थी। इसके बाद महेंद्र ने अंकिता को ultimatum दिया, जिसके बाद दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रच डाली।

महेंद्र वर्ष 2018 बैच का सिपाही है और वारदात के समय लखीमपुर खीरी पुलिस लाइन में तैनात था।

NSA की कार्रवाई

डीसीपी पश्चिम, विश्वजीत श्रीवास्तव के अनुसार, महेंद्र (निवासी: किशन खेड़ा गांव) और विनीत (निवासी: लालता खेड़ा) पर रासुका (NSA) के तहत कार्रवाई की गई है।

मामले में कुल पांच आरोपी शामिल थे, जिनमें से तीन अभी भी फरार हैं। पुलिस टीमें उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं और अन्य आरोपियों के खिलाफ भी सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं।

यह मामला न केवल व्यक्तिगत प्रतिशोध की भयावह तस्वीर पेश करता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि कैसे व्यक्तिगत रिश्तों की जटिलता ने एक वर्दीधारी को कानून अपने हाथ में लेने पर मजबूर कर दिया।

Also Read: Kanpur News: बाढ़ग्रस्त गांवों में समाजवादियों ने शुरू की ‘PDA रसोई’, प्रशासन पर लगाया गंभीर आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.