Lucknow News: रंजिश में युवक की पीट-पीटकर हत्या, बचाने आई पत्नी को भी लोहे की रॉड से पीटा

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के पारा इलाके में शनिवार आधी रात को रंजिश के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पड़ोसी ने घर में घुसकर युवक को घसीटा और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान 26 वर्षीय शिव प्रकाश के रूप में हुई है।

मृतक की पत्नी सविता के अनुसार, वारदात शनिवार रात करीब 1 बजे की है। पड़ोस में रहने वाला सतीश, जिससे शिव प्रकाश का पुराना विवाद था, नशे और गुस्से में उनके घर के गेट पर पहुंचा। सतीश ने शोर मचाते हुए घर के दरवाजे पर लात मारनी शुरू कर दी। जैसे ही शिव प्रकाश ने गेट खोला, आरोपी उसे घसीटते हुए सड़क पर ले गया। सतीश ने पास रखी लोहे की रॉड से शिव प्रकाश पर हमला कर दिया। जब सविता अपने पति को बचाने दौड़ी, तो आरोपी ने उसे भी बेरहमी से पीटा। शोर सुनकर पड़ोसी इकट्ठा हुए, तब तक सतीश वहां से भाग चुका था। पड़ोसियों की मदद से शिव प्रकाश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस समय पर चेतती तो बच जाती जान

इस घटना ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सविता के पिता (जो मूल रूप से नेपाल के निवासी हैं) ने बताया कि आरोपी सतीश पहले भी कई बार घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी दे चुका था। सतीश के खिलाफ पहले भी केस दर्ज कराया गया था, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। परिजनों का कहना है कि अगर पुलिस शिकायतों पर पहले ही सख्त एक्शन लेती, तो आज शिव प्रकाश जिंदा होता।

पारा थाना पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामला पुरानी रंजिश का है और आरोपी सतीश की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं। इलाके में इस घटना के बाद से तनाव और मातम का माहौल है।

Also Read: Lucknow News: रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा गया दरोगा, एंटी करप्शन टीम ने दौड़ाकर दबोचा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.