Lucknow News: नंबर ब्लॉक करने पर सिरफिरे आशिक ने प्रेमिका को फ्लैट से खींचकर पीटा, फिर मारी गोली

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के पारा इलाके की कांशीराम कॉलोनी में गुरुवार देर रात प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक सिरफिरे आशिक ने अपनी प्रेमिका को उसके फ्लैट से खींचकर बाल नोंचे, 20 मिनट तक लात-घूसों से बेरहमी से पीटा और फिर गोली मारकर हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गया। घायल युवती को गंभीर हालत में लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायल युवती मूल रूप से नेपाल की रहने वाली है और कई सालों से अपनी बड़ी बहन के साथ कांशीराम कॉलोनी में रह रही थी। वह एक इवेंट कंपनी में नौकरी करने के साथ ही आर्केस्ट्रा में स्टेज डांसर का काम करती है। युवती की बड़ी बहन के मुताबिक, सरोजनीनगर गौरी बाजार निवासी आकाश कश्यप से युवती का पिछले दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आकाश एक अकाउंटेंट है।

आपराधिक हरकतों से तंग आकर तोड़ा रिश्ता

पीड़िता की बहन ने पुलिस को बताया कि आकाश कुछ महीनों से गाली-गलौज कर युवती से अभद्रता करता था। वह लगातार उस पर आर्केस्ट्रा में डांस न करने का दबाव भी बना रहा था। आकाश की आपराधिक हरकतों से तंग आकर युवती ने उससे बात करना बंद कर दिया था और दो दिन पहले उसका मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया था। नंबर ब्लॉक होने से आकाश बहुत नाराज था।

गुरुवार देर रात करीब 2:20 बजे आकाश कूर्ग रंग की स्कार्पियो से युवती के चौथे माले पर स्थित फ्लैट पर पहुँचा और दरवाजा खुलवाया। जैसे ही युवती ने दरवाजा खोला, आकाश ने गाली-गलौज करते हुए उसे बाल पकड़कर खींच लिया और अगले 20 मिनट तक जमकर पिटाई की।

इसके बाद, आकाश ने युवती पर फायर झोंक दिया। गोली युवती के दाहिने कंधे में लगी और आर-पार हो गई। गोली मारने के बाद उसने एक हवाई फायरिंग की और शोर सुनकर लोगों के आने से पहले ही स्कार्पियो से फरार हो गया। पड़ोसियों की मदद से घायल युवती को आनन-फानन में लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

होश आने पर युवती ने आकाश की आपराधिक हरकतों से तंग आकर नंबर ब्लॉक करने की बात बताई और कहा कि इसी कारण आकाश ने उसे गोली मारी है। युवती की बड़ी बहन की तहरीर पर पारा थाना पुलिस ने आरोपी आकाश कश्यप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाप्रभारी सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि मौके का निरीक्षण किया गया है और सीसीटीवी फुटेज में आकाश फ्लैट से निकलकर जाता दिख रहा है। आरोपी की तलाश में दो पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Also Read: योगी सरकार का किसानों की ‘आर्थिक समृद्धि’ पर जोर, धान किसानों को 4500 करोड़ से अधिक का भुगतान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.