Lucknow News: सहकारिता से आत्मनिर्भरता की राह, युवाओं से जुड़ने की अपील- वीरेन्द्र प्रताप सिंह

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उत्तर प्रदेश जिला सहकारी बैंक चेयरमैन्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि वर्तमान दौर में सहकारिता रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने का एक सशक्त माध्यम बन चुकी है।

उन्होंने बताया कि आने वाले सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं को यह जानकारी देना है कि वे समूह बनाकर सहकारी समितियों का गठन कर और विभिन्न सहकारी एवं सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बन सकते हैं।

वीरेन्द्र प्रताप सिंह ने युवाओं, छात्र-छात्राओं और नव उद्यमियों से अपील की कि वे 21 दिसंबर को लखनऊ के गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में प्रातः 9 बजे आयोजित कार्यक्रम में भाग लें।

उन्होंने बताया कि इसके साथ ही 21 से 30 दिसंबर तक चलने वाले सहकारिता एक्सपो में विभिन्न सहकारी संस्थाओं के उत्पादों के साथ-साथ ओडीओपी योजना के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों के उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा।

इस दौरान प्रतिभागी सीधे निर्माताओं और दुकानदारों से उनके अनुभव भी जान सकेंगे।

उन्होंने कहा कि एक्सपो के माध्यम से कृषि, डेयरी, मत्स्य पालन, भंडारण और बैंकिंग जैसे क्षेत्रों में सहकारिता के जरिए करियर बनाने की योजनाओं का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

साथ ही यह सम्मेलन युवाओं को अपने-अपने जिलों में नए स्टार्टअप और सहकारी उद्योग स्थापित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान करेगा।

इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि पूर्व रेल मंत्री सुरेश प्रभु मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सहकारिता मंत्री जे.पी.एस. राठौर करेंगे।

आयोजकों के अनुसार यह सम्मेलन प्रदेश में सहकारिता आंदोलन को नई दिशा देने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Also Read: Meerut News: बंद मकान में फटा गैस सिलेंडर, धमाके से उड़ी छत, आस-पड़ोस के घरों में आई दरारें

Get real time updates directly on you device, subscribe now.