Lucknow News: PGI इलाके में बेकाबू ट्रेलर का कहर, भागने की कोशिश में कई गाड़ियों को रौंदा

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र स्थित श्यामा मेडिकल स्टोर के पास बुधवार को उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक भारी-भरकम ट्रेलर (UP33CT4618) के ड्राइवर ने सड़क पर जमकर तबाही मचाई। तेजी और लापरवाही से गाड़ी चला रहे ड्राइवर ने पहले एक कार को टक्कर मारी और फिर भीड़ से बचने के लिए भागते समय जो भी सामने आया उसे कुचलता चला गया।

भीड़ ने शोर मचाया तो और हिंसक हुआ ड्राइवर

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक, ट्रेलर ने सबसे पहले एक हरियाणा नंबर की कार को जोरदार टक्कर मारी। जब आसपास के लोगों ने शोर मचाया, तो ड्राइवर राजेंद्र कुमार ने ट्रेलर को बैक करके भागने की कोशिश की। इस दौरान वहां मौजूद सूर्यप्रताप सिंह ने उसे रोकने का प्रयास किया, तो ड्राइवर ने जान से मारने की नीयत से उन पर और उनकी बाइक पर ही ट्रेलर चढ़ा दिया।

कई वाहन क्षतिग्रस्त, तीन लोग घायल

भागने की इस कोशिश में ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी टाटा टियागो कार, स्पलेंडर बाइक और एक बुलेट को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इस हादसे में सूर्यप्रताप सिंह (29 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पैदल चल रहे आयुष जायसवाल (21 वर्ष) और अभिषेक सिंह (20 वर्ष) को भी गंभीर चोटें आई हैं। तीनों घायलों का इलाज पीजीआई अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

हादसे के बाद ड्राइवर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया था। पीजीआई थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और आरोपी ड्राइवर राजेन्द्र कुमार (निवासी उन्नाव) को वृंदावन गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी ड्राइवर का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है और कानपुर में भी उसके खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज है।

क्षतिग्रस्त वाहनों की सूची

मारुति S-Cross (HR26DC4348)

पल्सर बाइक (UP32QP2196)

टाटा टियागो (MP20ZC6173)

स्पलेंडर बाइक (UP32FM1745)

बुलेट (UP56U9849)

Also Read: Lucknow News: युवक को मरा समझकर इंदिरा नहर में बहाया, गोसाईगंज पुलिस ने दबोचे 6 आरोपी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.