Lucknow News: विधवा किराएदार को नशीली कॉफी पिलाकर मकान मालिक ने किया दुष्कर्म, वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी के पीजीआई थाना क्षेत्र के ईश्वरीखेड़ा में एक विधवा महिला के साथ दरिंदगी की सारी हदें पार कर दी गईं। आरोप है कि मकान मालिक अंकित पाल ने महिला को नशीला पदार्थ मिली हुई कॉफी पिलाकर बेहोश किया और फिर उसके साथ रेप किया। इस दौरान आरोपी ने महिला के अश्लील वीडियो और फोटो भी बना लिए, जिनका इस्तेमाल वह बाद में उसे डराने के लिए करने लगा।
28 दिनों तक चला प्रताड़ना का सिलसिला
पीड़िता के मुताबिक, यह सिलसिला करीब एक महीने पहले शुरू हुआ था। अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी पिछले 15 दिनों से उसे ब्लैकमेल कर रहा था और लगातार दुष्कर्म कर रहा था। किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर महिला अपने मायके (निगोहां) पहुंची और परिजनों को रो-रोकर अपनी आपबीती सुनाई।
कमरा खाली करने पर भी नहीं माना आरोपी
जब पीड़िता के पिता ने ईश्वरीखेड़ा का कमरा खाली करवा दिया, तो आरोपी और भी ज्यादा आक्रामक हो गया। उसने महिला को फोन पर धमकी दी और जबरन बाइक पर बैठाकर एक होटल ले गया। आरोप है कि वहां उसने महिला के साथ न केवल दुष्कर्म किया, बल्कि अप्राकृतिक यौनाचार भी किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।
आरोपी अंकित पाल गिरफ्तार
हिम्मत जुटाकर पीड़िता गुरुवार शाम पुलिस अधिकारियों के पास पहुंची। डीसीपी दक्षिणी और एसीपी गोसाईगंज ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए। पीजीआई पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी अंकित पाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, अप्राकृतिक दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और पीड़िता को पूरा न्याय दिलाया जाएगा।
Also Read: Prayagraj News: स्वतंत्र देव सिंह बोले- कांग्रेस के दौर में मनरेगा था भ्रष्टाचार का अड्डा

