गोंडा की नर्स का लखनऊ में पीजीआई नर्सिंग ऑफिसर के फ्लैट में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में एक महिला नर्स का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फ्लैट में मिला। मृतका की पहचान गोंडा के करनैलगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में आउटसोर्स पर तैनात नर्स प्रतिभा मिश्रा (30) के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, प्रतिभा मिश्रा रायबरेली रोड स्थित गोवर्धन एन्क्लेव के एक फ्लैट में रह रही थीं। यह फ्लैट पीजीआई में तैनात नर्सिंग ऑफिसर विकास का है। गुरुवार रात जब विकास अपनी ड्यूटी खत्म कर फ्लैट पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। उन्होंने देखा कि प्रतिभा का शव दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका हुआ था।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद विकास ने तुरंत पीजीआई पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पीजीआई इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतका के परिवार को भी घटना की जानकारी दे दी है।

पुलिस के अनुसार, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। वहीं, परिजनों की ओर से भी अभी तक किसी तरह का आरोप नहीं लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिवार की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नोट्स लेने लखनऊ आई थी प्रतिभा

नर्सिंग ऑफिसर विकास के मुताबिक, प्रतिभा बुधवार को गोंडा से लखनऊ नोट्स लेने के लिए आई थीं और तभी से फ्लैट पर रुकी हुई थीं। गुरुवार दोपहर विकास अपनी ड्यूटी के लिए पीजीआई चले गए थे। उस समय प्रतिभा फ्लैट में अकेली थीं। रात में वापस लौटने पर उन्हें यह घटना मिली।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.