लखनऊ: पीएम मोदी ने ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का किया भ्रमण, महापुरुषों की गैलरियों का अवलोकन

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज लखनऊ के बसंत कुंज योजना में नवनिर्मित ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का अवलोकन किया। इस अवसर पर उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने परिसर का विस्तृत भ्रमण कर वहाँ स्थापित प्रतिमाओं और विभिन्न ऐतिहासिक गैलरियों का निरीक्षण किया।

भारत माता को नमन और जनसंघ-भाजपा यात्रा का अवलोकन

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही प्रधानमंत्री ने सबसे पहले भारत माता की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद उन्होंने विशेष रूप से तैयार किए गए जनसंघ और भाजपा गलियारे का अवलोकन किया। इस गलियारे में चित्रों के माध्यम से जनसंघ की स्थापना से लेकर भारतीय जनता पार्टी के वर्तमान स्वरूप तक की गौरवशाली यात्रा को जीवंत रूप में दर्शाया गया है।

महापुरुषों की स्मृतियों को किया ताजा

पीएम मोदी ने राष्ट्र निर्माण में अमूल्य योगदान देने वाली तीन महान विभूतियों को समर्पित गैलरियों का भ्रमण किया। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी गैलरी में उनके जीवन से जुड़े दुर्लभ चित्र और प्रतीक चिह्न प्रदर्शित किए गए हैं। प्रधानमंत्री ने बंगाल विभाजन के दर्द को उकेरने वाली विशेष प्रदर्शनी को भी देखा। जबकि पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं अटल बिहारी वाजपेयी गैलरी में महापुरुषों के जीवन दर्शन और उनके कार्यकाल की प्रमुख घटनाओं को तस्वीरों के माध्यम से संजोया गया है।

राष्ट्र प्रेरणा स्थल: एक नजर में

परिसर में श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की 65 फीट ऊंची भव्य कांस्य प्रतिमाएं स्थापित हैं।

65 एकड़ में फैले इस प्रेरणा स्थल के निर्माण पर 232 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का निर्माण प्रसिद्ध मूर्तिकार राम सुतार ने किया है, जबकि अन्य दो प्रतिमाओं को मूर्तिकार माटू राम ने तैयार किया है।

प्रधानमंत्री जल्द ही एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जहाँ वे इन राष्ट्र नायकों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश देंगे।

Also Read: “संजय सेतु संघर्ष दिवस”: मंडल की लाइफलाइन के लिए युवाओं ने भरी हुंकार, स्थायी समाधान की मांग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.