लखनऊ: पीएम स्वनिधि योजना से संवरेंगे छोटे कारोबारियों के दिन, महापौर ने बांटे ऋण प्रमाण पत्र

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के छोटे रेहड़ी-पटरी दुकानदारों को आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के साथ शुक्रवार को नगर निगम के राजकुमार कमेटी हॉल में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पीएम स्वनिधि योजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में न केवल लंबित ऋणों का वितरण किया गया, बल्कि नए क्रेडिट कार्ड आवेदनों पर भी तेजी से काम किया गया।

पीएम मोदी ने वर्चुअली दिया संदेश

इस कार्यक्रम की गरिमा तब और बढ़ गई जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं वर्चुअल माध्यम से इस आयोजन से जुड़े। उन्होंने अपने संदेश में योजना के लाभार्थियों का उत्साहवर्धन किया और बताया कि कैसे छोटे दुकानदार देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बन रहे हैं। लखनऊ नगर निगम के सभी जोनों में भी इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया और वहां भी लाभार्थियों को सम्मानित किया गया।

महापौर और नगर आयुक्त ने बढ़ाया हाथ

कार्यक्रम के दौरान महापौर सुषमा खर्कवाल ने लाभार्थियों को स्वीकृत ऋण के प्रमाण पत्र सौंपे। उन्होंने कहा कि नगर निगम हर उस दुकानदार के साथ खड़ा है जो अपनी मेहनत से अपना भविष्य बदलना चाहता है। वहीं, नगर आयुक्त गौरव कुमार ने विश्वास दिलाया कि ऋण वितरण की प्रक्रिया को और सरल बनाया जाएगा ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति को अपना व्यवसाय चलाने में आर्थिक तंगी का सामना न करना पड़े।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर पार्षद दल के उप नेता सुशील कुमार तिवारी (पम्मी जी), पूर्व पार्षद पंकज पटेल, अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव और जोनल अधिकारी ओम प्रकाश सहित डूडा (DUDA) के तमाम अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी वर्चुअल रूप से जुड़कर योजना की प्रगति की समीक्षा की।

Also Read: माघ मेले में छठे दिन भी पालकी पर डटे शंकराचार्य, कड़ाके की ठंड में बिगड़ी तबीयत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.