Lucknow News: एटीएम कार्ड स्वाइप गैंग का पर्दाफाश, 181 कार्ड्स के साथ 2 शातिर ठग गिरफ्तार

Lucknow News: अगर आप एटीएम से पैसे निकालते समय किसी अनजान से मदद लेते हैं, तो सावधान हो जाइए। लखनऊ पुलिस ने अंतरराज्यीय ठगों के एक ऐसे गिरोह को दबोचा है जो मदद के बहाने पलक झपकते ही आपका एटीएम कार्ड बदल देते थे। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में विभिन्न बैंकों के कार्ड और ठगी के पैसों से खरीदी गई बाइक बरामद की है।

3 साल, 3 राज्य और 110 शिकार

पकड़े गए आरोपियों शहबान और दिलशाद (दोनों निवासी प्रतापगढ़) ने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि वे पिछले 3 साल से उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली जैसे राज्यों में सक्रिय थे। अब तक वे करीब 110 लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं और उनके खातों से 30 लाख रुपये से अधिक पार कर चुके हैं। अकेले लखनऊ के मड़ियांव, जानकीपुरम, चिनहट और आलमबाग जैसे 20 इलाकों में इन्होंने दर्जनों वारदातों को अंजाम दिया।

ठगों ने बताया कि उनका मुख्य निशाना बुजुर्ग और महिलाएं होती थीं। वे एटीएम के पास खड़े रहते थे और जैसे ही कोई व्यक्ति पैसे निकालने में असमर्थ दिखता, वे मदद के लिए आगे बढ़ते। इसी दौरान वे नजर बचाकर पीड़ित का कार्ड बदल देते और पिन देख लेते थे। बाद में उस कार्ड से दूसरे एटीएम पर जाकर पैसे निकाल लेते थे।

हाल ही में मड़ियांव और पारा क्षेत्र में एटीएम ठगी के कई मामले दर्ज हुए थे। 14 फरवरी, 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि बिना नंबर की स्पलेंडर बाइक पर दो संदिग्ध युवक जीएसआई पावर हाउस चौराहे के पास एसबीआई एटीएम के पास खड़े हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा।

Lucknow News: एटीएम कार्ड स्वाइप गैंग का पर्दाफाश, 181 कार्ड्स के साथ 2 शातिर ठग गिरफ्तार

बरामदगी का विवरण

181 एटीएम कार्ड: पीएनबी, एसबीआई, आईसीआईसीआई, एचडीएफसी समेत लगभग सभी प्रमुख बैंकों के कार्ड।

बाइक: घटना में प्रयुक्त और ठगी की कमाई से खरीदी गई स्पलेंडर प्लस मोटरसाइकिल।

अन्य: 04 कूटरचित आधार कार्ड, 02 मोबाइल फोन और नगदी।

आरोपियों को इतिहास

शहबान (28 वर्ष): निवासी प्रतापगढ़। इसका पुराना आपराधिक इतिहास है और रायबरेली व कौशाम्बी में भी इसके खिलाफ मामले दर्ज हैं।

दिलशाद (26 वर्ष): निवासी प्रतापगढ़। यह एक आईटी कंपनी में काम कर चुका है, जिसके तकनीकी ज्ञान का इस्तेमाल वह ठगी में करता था। लखनऊ पुलिस ने दोनों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।

Also Read: Pratapgarh News: चलती कार पर गिरा हाईमास्ट लाइट का पोल, सपा नेता की मौके पर ही मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.