लखनऊ पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का किया भंडाफोड़, 21 मोटरसाइकिलें बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को पुलिस संरक्षण में लिया है। इन चोरों के पास से चोरी की कुल 21 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ वाहन चोर चोरी की गाड़ियों को ठिकाने लगाने के लिए बरी रोड के पास जंगल में जमा हुए हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और 7 लोगों को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम जुनैद, अरस, वंश गुप्ता, राहुल गुप्ता, सलमान, जावेद बताया, और एक नाबालिग को भी पकड़ा गया। ये चोर सीतापुर, बाराबंकी और लखनऊ सहित कई जिलों से गाड़ियाँ चुराते थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि पुलिस को चकमा देने के लिए वे चोरी के तुरंत बाद गाड़ियों की नंबर प्लेट बदल देते थे।
फिलहाल, पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त
- जुनैद (24), सीतापुर
- अरस (21), सीतापुर
- वंश गुप्ता (19), सीतापुर
- राहुल गुप्ता (27), सीतापुर
- सलमान (28), सीतापुर
- जावेद (22), सीतापुर
- एक बाल अपचारी (16)

बरामद की गई मोटरसाइकिलें
बरामद की गई 21 मोटरसाइकिलों में हीरो स्प्लेंडर, एचएफ डीलक्स, अपाचे और कावासाकी बॉक्सर सहित कई अन्य मॉडल शामिल हैं। एक स्कूटी भी बरामद हुई है, जिसकी नंबर प्लेट हटा दी गई थी।
Also Read: Lucknow News: अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, आरोपी गिरफ्तार

