Lucknow News: डेटिंग ऐप Grindr के जरिए ब्लैकमेल करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार
Lucknow News: अगर आप भी ऑनलाइन डेटिंग ऐप्स का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए एक बड़ी चेतावनी है। लखनऊ पुलिस ने एक ऐसे गिरोह को दबोचा है जो डेटिंग ऐप के माध्यम से लोगों को शिकार बनाता था। इस गिरोह के सदस्य पीड़ितों को कमरे पर बुलाकर उन्हें ब्लैकमेल करते थे और डरा-धमकाकर ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करा लेते थे।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना खौफनाक मोडस ऑपरेंडी (काम करने का तरीका) कुबूल किया है। गिरोह ग्राइंडर (Grindr) जैसे डेटिंग ऐप पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों से संपर्क करता था। गिरोह का एक सदस्य पीड़ित को विश्वास में लेकर उसके घर या किसी कमरे पर मिलने पहुँचता था। जैसे ही पीड़ित और गिरोह का सदस्य साथ होते, बाकी साथी अचानक कमरे में घुस जाते और वीडियो बनाना शुरू कर देते। आरोपी पीड़ित पर नाबालिग के साथ गलत काम करने का आरोप लगाते और वीडियो वायरल करने या जेल भेजने की धमकी देकर नकदी, मोबाइल और कीमती सामान लूट लेते थे।

अलीगंज पुलिस की बड़ी कामयाबी
15 मार्च को एक पीड़ित ने अलीगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने उसके घर में घुसकर उसे लूटा और ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कराए। इस पर संज्ञान लेते हुए डीसीपी उत्तरी के निर्देशन में टीम गठित की गई। सोमवार सुबह करीब 5:50 बजे सेक्टर-E कूड़ाघर के पास से घेराबंदी कर 5 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में पढ़े-लिखे युवाओं से लेकर कारपेंटर और डिलीवरी बॉय तक शामिल हैं।
खालिद अहमद (23 वर्ष): इंदिरानगर निवासी, पढ़ाई करता है।
देवकरण सिंह (23 वर्ष): सर्वोदय नगर निवासी, सेल्समैन का काम करता है।
आकाश पाण्डेय (21 वर्ष): आजमगढ़ का निवासी, कैटरिंग का काम करता है।
सुभाष रावत उर्फ गोलू (22 वर्ष): कुर्मांचल नगर निवासी, कारपेंटर।
एक बाल अपचारी (17 वर्ष): मीशो में डिलीवरी बॉय का काम करता है (संरक्षण में लिया गया)।
पुलिस ने इनके पास से 4 मोबाइल फोन, 3 मोटरसाइकिलें और लगभग 20 हजार रुपये के ऑनलाइन ट्रांजैक्शन डिटेल्स बरामद किए हैं। जब्त मोबाइल फोनों को फोरेंसिक जांच (FSL) के लिए भेजा गया है ताकि इनके अन्य शिकार हुए लोगों और डिजिटल साक्ष्यों का पता लगाया जा सके। पुलिस अब गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में दबिश दे रही है।
Also Read: सब्सिडी से नीरज की बदली तकदीर, जरबेरा की खेती से कर रहे लाखों की कमाई

