Lucknow News: नकली डिग्री के धंधे का खुलासा, तीन धंधेबाज चढ़े पुलिस के हत्थे
Lucknow News: लखनऊ पुलिस ने फर्जी डिग्रियों और मार्कशीटों का बड़ा धंधा चलाने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पूर्वी जिले की क्राइम टीम और गोमतीनगर थाने की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से भारी मात्रा में साजोसामान बरामद किया है।
पुलिस ने छापेमारी में 900 से ज्यादा फर्जी मार्कशीट और प्रमाणपत्र, 15 नकली मुहरें, 2 लाख रुपये नकद, कई लैपटॉप, प्रिंटर, मोबाइल फोन और एक कार भी बरामद की है। ये सभी चीजें नकली दस्तावेज बनाने के काम आती थीं।

आरोपियों ने माना है कि वे छात्रों को बिना पढ़ाई के डिग्री का लालच देकर उनसे 25 हजार से लेकर 4 लाख रुपये तक वसूलते थे। ये गिरोह मेरठ, नागालैंड, उत्तराखंड, राजस्थान, गुजरात समेत देश के करीब 25 विश्वविद्यालयों की नकली डिग्रियां तैयार करता था। इन नकली डिग्रियों का इस्तेमाल कर लोग प्राइवेट नौकरियां हासिल कर लेते थे।

गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी सत्येंद्र द्विवेदी (32 वर्ष) अयोध्या, अखिलेश कुमार (44 वर्ष) उन्नाव और सौरभ शर्मा (35 वर्ष) लखीमपुर खीरी के रहने वाले हैं। इस मामले में गोमतीनगर थाने पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की तलाश कर रही है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच चल रही है। यह केस शिक्षा प्रणाली के साथ हो रहे इस खतरनाक खिलवाड़ को उजागर करता है, जहां नकली डिग्रियां बनाकर युवाओं का भविष्य खराब किया जा रहा था।
Also Read: नोरा फतेही का एक्सीडेंट, एक्ट्रेस ने दिया हेल्थ अपडेट, बोलीं- आंखों के सामने आ गई थी मौत

