Lucknow News: पुलिसवालों ने जमकर खेली होली, बग्घी पर निकले कमिश्नर
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में गुरुवार को पुलिस की होली का रंग जम कर चढ़ा। शहर के थानों और चौकियों से लेकर पुलिस लाइन तक सिर्फ और सिर्फ खुशियां और गुलाल दिखाई दिया। जब पूरा शहर होली खेलकर सुस्ता रहा था, तब पुलिसकर्मियों ने डीजे की धुन पर थिरकते हुए अपनी थकान मिटाई।
होली के इस जश्न की शुरुआत हजरतगंज कोतवाली से हुई, जहां से एक भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। इस जुलूस का नजारा किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था। महिला पुलिसकर्मी विंटेज कारों में सवार होकर जश्न मनाती दिखीं। इस दौरान ‘गोली चल जावेगी…’ जैसे मशहूर गानों पर पुलिसकर्मी जमकर थिरके। हवा में रंगीन गुलाल उड़ाने वाले पटाखे फोड़े गए, जिससे पूरा आसमान रंगीन हो गया।
इस जश्न में पुलिस के बड़े अफसर भी पूरी तरह रंगे नजर आए। पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सिंह सेंगर और ज्वाइंट सीपी बबलू कुमार को पुलिसकर्मियों ने फूलों की माला, राजस्थानी टोपी और काला चश्मा पहनाकर एक बग्घी पर बैठाया। जब कमिश्नर साहब की बग्घी आगे बढ़ी, तो मातहतों ने उन पर बाल्टी भर-भरकर रंग डाला और फूलों की वर्षा की। अफसरों और जवानों के बीच का यह भाईचारा देख वहां मौजूद लोग भी उत्साहित हो उठे।

भूत वाले मुखौटे और मस्ती भरा अंदाज
जश्न में मस्ती का आलम यह था कि कई पुलिसकर्मी डरावने और मजेदार भूत वाले मुखौटे लगाकर जुलूस में शामिल हुए। एसीपी हजरतगंज विकास जायसवाल और एसीपी महानगर अंकित कुमार भी इस रंगारंग टोली का हिस्सा बने। मस्ती के बीच पुलिसकर्मियों ने एडीसीपी जितेंद्र कुमार को तो गोद में उठा लिया और पूरे जुलूस में घुमाया।
Also Read: नीतीश के राज्यसभा जाने की चर्चा पर भड़के कार्यकर्ता, सीएम आवास के बाहर भारी हंगामा

